Betul Nagarpalika News – बैतूल नपा से आखिर सब इंजीनियर वागद्रे की छुट्टी

राज्य शासन के आदेश के बाद खानूरकर को दोबारा प्रभार, दो उपयंत्रियों के भरोसे शहर की व्यवस्था

Betul Nagarpalika News : बैतूल। अब तक चिचोली में पदस्थापना के बाद सब इंजीनियरों की कमी के कारण बैतूल अटैच किए गए नगेंद्र वागद्रे को अपनी मूल पदस्थापना स्थल चिचोली भेजने के आदेश जारी कर दिए गए। उनके समस्त कार्यों की जिम्मेदारी सीनियर सब इंजीनियर ब्रजेश खानूरकर को सौंपी गई है। यह पूरी प्रक्रिया शासकीय बताई जा रही है, इसलिए आनन फानन में शनिवार शाम को सीएमओ ने आदेश जारी कर वागद्रे को चिचोली भेजने और खानूरकर को उनका सारा प्रभार सौंप दिया है। नगरपालिका के पास अब केवल दो ही सब इंजीनियर बचे हैं। इनमें से तीसरे सब इंजीनियर दुर्घटना में घायल है। यही वजह है कि दो सब इंजीनियरों के भरोसे नपा को सारा शहर चलाना पड़ेगा।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के पास वैसे तो कार्यपालन यंत्री को छोड़ दे तो सहायक यंत्री और उपयंत्री के पर्याप्त पद है, लेकिन बैतूल में रहने की चाह ने पिछले लंबे समय से यहां पर ऐसे उपयंत्रियों को पदस्थ करना मजबूरी बन गई है, जिनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे। आज की स्थिति में जिला मुख्यालय की नगरपालिका में एक भी ऐसा उपयंत्री नहीं है, जिनकी कार्यप्रणाली से जनप्रतिनिधि और अधिकारी खुश कहे जा सकते हो। पद की कमी के कारण उपयंत्रियों की पदस्थापना न होने का रटा-रटाया जवाब दिया जाता है, जबकि दूसरे जिले के जनप्रतिनिधि अपनी पसंद के अधिकारियों को जिले में पदस्थ करते जा रहे हैं। ऐसे में यहां के जनप्रतिनिधियों के भी जागरूक नहीं रहने पर सोशल मीडिया के एक्टीविट्स भी सवाल उठाते आ रहे हैं।

शासन के आदेश का तुरंत किया पालन

गत 27 मई को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त सह सचिव भरत यादव ने समस्त कमिश्नर एवं सीएमओ को निर्देश दिए थे कि निकाय स्तर पर रिक्त पदों पर तकनीकी अधिकारी, कर्मचारी की आवश्यकता होने पर प्रभार दिए जाने के संबंध में विधिवत प्रस्ताव तैयार कर संयुक्त संचालक द्वारा शासन को भेजना सुनिश्चित करेंगे। इसी के बाद इस संबंध में पदस्थापना की जाएगी। पूर्व में अटैच किए गए तकनीकी पदों से संबंधित प्रभार तत्काल निरस्त करने के भी आदेश उन्होंने दिए। इसके बाद सीएमओ ने बैतूल नपा में अटैच उपयंत्री नगेंद्र वागद्रे को उनकी मूल पदस्थापना चिचोली नगरपरिषद भेजने के आदेश दे दिए हैं। उनका सारा कार्यभार सीनियर सब इंजीनियर ब्रजेश खानूरकर को दिया गया है। हालांकि उनके बारे में कहा जाता हैकि जनप्रतिनिधि उनकी कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं है।

नपा के कामकाज पर पड़ेगा असर, चुनाव बाद होंगे बदलाव

वागद्रे को चिचोली भेजने के बाद नगरपालिका के पास केवल दो ही सब इंजीनियर बचे हैं। इनमें ब्रजेश खानूरकर सीनियर है, लेकिन दूसरे सब इंजीनियर विजय मछार की पहली पदस्थापना होने के कारण काम का अनुभव कम है। एक सब इंजीनियर संजय सरेठा पिछले एक वर्ष से दुर्घटना में घायल होने के कारण लंबे अवकाश पर है। शहर में निर्माण, पेयजल समेत दर्जनों कामों के लिए केवल दो सब इंजीनियरों के भरोसे कामकाज में बेहद कठिनाई आएगी। हालांकि एक एई भी इनका सहयोग कर सकते हैं, लेकिन ईई का पद रिक्त होने के कारण एई पर भी अतिरिक्त भार पड़ रहा है।

इनका कहना…

प्रशासकीय व्यवस्था के तहत सब इंजीनियर नगेंद्र वागद्रे को चिचोली मूल पदस्थापना पर भेज दिया गया है। उनका प्रभार सब इंजीनियर ब्रजेश खानूरकर को सौंपा है। नए सब इंजीनियर की पदस्थापना के लिए आचार संहिता के बाद प्रयास किए जाएंगे।

ओमपाल सिंह भदौरिया, सीएमओ नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button