Betul News: बैतूल में फिर खूनी संघर्ष, 10-12 युवकों ने तीन युवकों पर किया जानलेवा हमला

चाकू, तलवार, स्टिक और बेसबॉल बैट से हमला, एक युवक गंभीर घायल, पुराने विवाद से जोड़कर देख रही पुलिस
Betul News: बैतूल। गंज थाना क्षेत्र के विनोबा वार्ड, भग्गुढाना में बुधवार देर रात करीब 11 बजे तीन युवकों पर 10 से 12 युवकों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने चाकू, तलवार, स्टिक और बेसबॉल बैट जैसे हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस इस मामले को बाइक से कट मारने और पुराने विवाद को जोड़कर देख रही है।

एक युवक गंभीर, दो अन्य भी घायल
हमले में 15 वर्षीय एक अपचारी बालक को मामूली चोटें आई हैं। वहीं राजेंद्र वार्ड निवासी देवेंद्र ठाकुर (26) घायल हुए हैं। राजा पिता योगेश (19), निवासी राजेंद्र वार्ड, के कान पर चाकू से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों का उपचार कराया गया।
विवाद देखने पहुंचे थे, तभी कर दिया हमला
घायलों के अनुसार वे क्षेत्र में चल रहे एक विवाद को देखने पहुंचे थे। इसी दौरान 10 से 12 युवकों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। पीड़ितों का कहना है कि हमलावरों में से वे केवल एक आरोपी को ही पहचानते हैं, जबकि अन्य की पहचान नहीं हो सकी है।
पुराने विवाद की भी जांच
घटना की सूचना पर गंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 15 दिन पहले भी संबंधित पक्षों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस इस पुराने विवाद को भी घटना से जोड़कर जांच कर रही है। गंज टीआई नीरज पाल ने बताया कि कट मारने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पुलिस ने एक आरोपी निखिल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच के बाद अन्य आरोपियों पर भी मामला दर्ज किया जा सकता है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




