Betul Samachar: 18 करोड़ की लागत से बने क्रिटिकल केयर यूनिट की दोनों लिफ्ट खराब

मरीजों को रेम्प की सहायता से ले जाना पड़ता प्रथम मंजिल
Betul Samachar: बैतूल। जिला अस्पताल परिसर में लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पीएम-अभिम क्रिटिकल केयर यूनिट में लगी दोनों लिफ्टें पिछले कई दिनों से खराब पड़ी हैं। लिफ्ट बंद होने के कारण मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल प्रबंधन और ठेकेदार को जानकारी दिए जाने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती होने वाले अधिकांश मरीज गंभीर बीमारियों या दुर्घटनाओं से प्रभावित होते हैं। इनमें फ्रैक्चर और अन्य गंभीर चोटों वाले मरीज भी शामिल हैं, जिनका चलना-फिरना मुश्किल होता है। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भवन में दो लिफ्ट लगाई गई थीं, ताकि उन्हें आसानी से वार्ड तक पहुंचाया जा सके। लेकिन दोनों लिफ्टों के बंद होने से पूरी व्यवस्था प्रभावित हो गई है।
लिफ्ट खराब होने के कारण अस्पताल कर्मचारियों को मरीजों को स्ट्रेचर के माध्यम से रैंप के सहारे प्रथम मंजिल तक ले जाना पड़ रहा है। मरीजों को ऊपर पहुंचाने में कर्मचारियों को काफी शारीरिक मेहनत करनी पड़ रही है। कई बार गंभीर मरीजों को ले जाते समय कर्मचारियों की सांसें फूलने लगती हैं, जिससे उपचार प्रक्रिया भी प्रभावित होती है।
लगता है अधिक समय
मरीजों के परिजनों का कहना है कि गंभीर हालत में भर्ती मरीजों को वार्ड तक पहुंचाने में अतिरिक्त समय लग रहा है। बुजुर्ग और घायल मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अस्पताल स्टाफ का कहना है कि लिफ्ट बंद होने से उनका कार्यभार बढ़ गया है और मरीजों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार लिफ्ट सुधार कार्य की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार के पास है, लेकिन अब तक मरम्मत को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई है। कर्मचारियों और मरीजों के परिजनों ने जल्द से जल्द दोनों लिफ्टों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराने की मांग की है, ताकि मरीजों को राहत मिल सके और अस्पताल की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
इनका कहना….
लिफ्ट सुधारने के लिए ठेकेदार को बुलाया गया है। जल्द ही लिफ्ट को सुधारकर मरीजों को सुविधा प्रदान की जाएगी।
डॉ रूपेश पदमाकर, प्रभारी पीएम अभिम क्रिटिकल यूनिट, बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




