Betul News: पार्किंग स्थल और मवेशियों का तबेला बनी गंज चौकी

देखरेख के अभाव में खंडहर हो रहा भवन, कई वर्षों से बंद है पुलिस चौकी; व्यवसायिक क्षेत्र और रेलवे स्टेशन के पास होने से सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
Betul News: बैतूल। शहर के महत्वपूर्ण व्यवसायिक क्षेत्र में बनी गंज चौकी इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। जिस भवन में कभी पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा रहता था, वही भवन अब पार्किंग स्थल और मवेशियों का तबेला बन गया है।
लंबे समय से पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं होने और नियमित देखरेख के अभाव में चौकी का भवन धीरे-धीरे खंडहर में तब्दील होता जा रहा है। गंज क्षेत्र शहर के प्रमुख व्यवसायिक इलाकों में शामिल है। यहां दिनभर लोगों और व्यापारियों की आवाजाही रहती है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन भी चौकी के नजदीक है।
ऐसे संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्र में पुलिस चौकी का संचालन नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पूर्व में चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में चौकी का नियमित संचालन होने से पुलिस की मौजूदगी बनी रहेगी और असामाजिक तत्वों पर भी निगरानी रखी जा सकेगी।
कई बार सुर्खियों में आया मामला, फिर भी व्यवस्था नहीं बनी
गंज चौकी भवन की बदहाली का मामला पहले भी कई बार सामने आ चुका है। चौकी को लेकर खबरें प्रकाशित होने के बाद इसका जीर्णोद्धार भी कराया गया था। उम्मीद थी कि इसके बाद यहां पुलिसकर्मियों की तैनाती कर नियमित रूप से चौकी का संचालन शुरू किया जाएगा, लेकिन कुछ समय बाद हालात फिर पुराने जैसे हो गए। वर्तमान में भवन की स्थिति देखकर ऐसा लगता है कि इसकी देखरेख करने वाला कोई नहीं है।
चौकी चालू हो तो अपराध पर लगे अंकुश
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंज थाना पुलिस का संचालन वर्तमान में ग्राउंड क्षेत्र से हो रहा है। वहीं गंज चौकी भवन बंद पड़ा है। यदि यहां नियमित रूप से पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए तो व्यवसायिक क्षेत्र, रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में पुलिस की गश्त और निगरानी बढ़ाई जा सकती है।
इससे चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है। लोगों का कहना है कि जिले में समय-समय पर पुलिस अधीक्षक बदले, लेकिन गंज चौकी के नियमित संचालन की व्यवस्था अब तक नहीं बन सकी।
अब जरूरत है कि जिम्मेदार अधिकारी चौकी भवन की स्थिति का निरीक्षण कर इसकी मरम्मत कराने के साथ यहां पुलिसकर्मियों की तैनाती करें, ताकि वर्षों से बंद पड़ी चौकी फिर से सुरक्षा व्यवस्था का केंद्र बन सके। चौकी के संबंध में चर्चा के लिए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन को उनके मोबाईल नंबर पर संपर्क किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




