Betul Samachar: बारिश हारी, इंसानियत जीती: 1771वें दिन भी भूख के खिलाफ डटा रहा रोटी बैंक परिवार

मूसलाधार बारिश में जरूरतमंदों को ढूंढ-ढूंढकर कराया जा रहा भोजन,
Betul Samachar: बैतूल। आसमान से लगातार बरस रही बारिश ने जहां जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, वहीं बैतूल में इंसानियत की एक ऐसी मिसाल भी सामने आ रही है, जिसने मौसम की हर चुनौती को पीछे छोड़ दिया है। पिछले कई दिनों से जारी तेज बारिश के बीच रोटी बैंक के सेवाभावी सदस्य और पदाधिकारी भीगती रातों में रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में भटक रहे गरीबों, असहायों और मुसाफिरों को ढूंढ-ढूंढकर निशुल्क भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। सेवा का यह अनवरत अभियान अब 1771वें दिन में प्रवेश कर चुका है और हर दिन मानवता की नई मिसाल कायम कर रहा है।
इन दिनों रेलवे स्टेशन परिसर में निर्माण कार्य चलने से भोजन वितरण की व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है। जरूरतमंद अलग-अलग स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं, जिससे स्वयंसेवकों को बारिश के बीच उन्हें तलाशकर भोजन पहुंचाना पड़ रहा है। इसके बावजूद रोटी बैंक के कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बीती रात भी टीम ने भीगते हुए स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में पहुंचकर जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक भोजन कराया।
इस सेवा अभियान के दौरान रोटी बैंक के सम्मानित सदस्य ललित जसूजा की पुत्री मेघा जसूजा ने मानवता का परिचय देते हुए जरूरतमंदों को बारिश से बचाने के लिए रेनकोट वितरित किए। यह पहल भोजन के साथ-साथ जरूरतमंदों की सुरक्षा और सम्मान का भी संदेश देती है।
आधा सैकड़ा गरीबों को रोज मिल रहा पेट भर भोजन
रोटी बैंक परिवार के संरक्षक आर.के. विजयकर ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर हर रात बड़ी संख्या में ऐसे लोग पहुंचते हैं, जिनके पास दो वक्त की रोटी का भी सहारा नहीं होता। ऐसे लोगों के लिए शुरू किया गया यह अभियान आज 1771 दिनों की सफल यात्रा पूरी कर चुका है। उन्होंने कहा कि शहर के समाजसेवी, व्यापारी और आम नागरिक भी इस सेवा में बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं।
जन्मदिन, पुण्यतिथि, विवाह समारोह और अन्य आयोजनों में बचा हुआ भोजन लोग स्वयं रोटी बैंक तक पहुंचाकर इस पुनीत कार्य में सहभागी बन रहे हैं। प्रतिदिन लगभग 25 से 50 जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक बैठाकर भोजन कराया जाता है। कड़ाके की ठंड, झुलसाती गर्मी या मूसलाधार बारिश—हर मौसम में यह सेवा बिना किसी रुकावट के जारी रहती है।
संस्था ने शहरवासियों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन के आसपास भोजन वितरण के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने और इस अभियान से जुड़कर सहयोग करने के लिए आगे आएं, ताकि बैतूल में कोई भी गरीब, असहाय या मुसाफिर भूखा न सोए। रोटी बैंक का यह कारवां आज केवल भोजन नहीं, बल्कि मानवता, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी बांट रहा है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




