Betul Atikraman News: अतिक्रमण पर सख्ती, नपा अमला फिर मैदान में

ढिलाई पर राजस्व निरीक्षक को नोटिस
Betul Atikraman News: बैतूल (सांझवीर टाईम्स)। शहर में दोबारा अतिक्रमण न पनपे, इसके लिए नगर पालिका ने पहली बार प्रत्येक बुधवार नियमित अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का निर्णय लिया है। हालांकि अभियान के अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने और कार्रवाई में शिथिलता सामने आने पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) नवनीत पांडेय ने नाराजगी जताते हुए एक राजस्व निरीक्षक को नोटिस जारी किया है। मंगलवार को भी नगर पालिका का अमला शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में जुटा रहा।
सीएमओ नवनीत पांडेय ने बताया कि नगर पालिका लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही है, लेकिन कई स्थानों पर हटाए गए अतिक्रमण दोबारा खड़े हो रहे हैं। विशेष रूप से सोमवार गंज क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान ऐसे कई दुकानदार मिले, जिन्होंने कार्रवाई के बाद फिर से सडक़ और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा कर दुकानें लगा ली थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित राजस्व अमले की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।
कब्जे हटाने के साथ साथ जब्त होंगे तौल कांटे
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान राजस्व टीम ने केवल आठ तौल कांटे जब्त किए, जबकि मौके पर अधिक प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता थी। इसी कारण संबंधित कर्मचारियों की लचर कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त की गई और एक राजस्व निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ आवश्यक सामग्री, विशेषकर तौल कांटे, भी जब्त किए जाएं ताकि दोबारा अतिक्रमण की संभावना कम हो।
नपा ने अतिक्रमणकारियों से सहयोग की अपील की
सीएमओ ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य किसी भी व्यवसायी की आजीविका प्रभावित करना नहीं है। सभी व्यापारियों को अपना व्यवसाय करने की पूरी स्वतंत्रता है, लेकिन सार्वजनिक सडक़ों और स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। नगर पालिका द्वारा फेरी और अस्थायी दुकानदारों के लिए वैकल्पिक स्थान चिन्हित किए जा चुके हैं और सभी से उन्हीं स्थानों पर दुकान लगाने की अपील की गई है।
नगर पालिका ने व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि शहर की यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करें। प्रशासन का मानना है कि नियमित निगरानी, सख्त कार्रवाई और जनसहयोग से ही शहर को अतिक्रमण मुक्त रखा जा सकता है। इसी उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




