Betul Samachar: शिवाजी-लल्ली चौकी का सौंदर्यीकरण महानगरों की तर्ज पर

कलेक्टर ने शहर का निरीक्षण कर किया मुआयना, ट्रेचिंग ग्राउंड और जामठी में प्रस्तावित फायर स्टेशन का भी किया निरीक्षण
Betul Samachar: बैतूल। शहर के ट्रैफिक, सौंदर्य और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार सुबह बैतूल नगर का सघन भ्रमण कर प्रमुख चौक-चौराहों और चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कॉलेज चौक, शिवाजी चौक, लल्ली चौक और न्यू बैतूल स्कूल चौक का जायजा लिया। उन्होंने कॉलेज चौक के चौड़ीकरण कार्य को प्राथमिकता से करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि रहे। स्कूल और कॉलेज के आसपास यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

बदलेगा शहर के चौराहो का लुक
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने शिवाजी चौक और लल्ली चौक के सौंदर्यीकरण के लिए बड़े शहरों की तर्ज पर विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश नगरपालिका को दिए। उन्होंने लल्ली चौक स्थित रोटरी को व्यवस्थित करने और ट्रैफिक को सुचारू बनाने पर विशेष जोर दिया।

इससे आने वाले समय में शहर के प्रमुख चौकों का स्वरूप पूरी तरह बदलने की संभावना है। न्यू बैतूल स्कूल के पास प्रस्तावित गीता भवन स्थल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने वहां सुव्यवस्थित पार्किंग प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पार्किंग और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

ट्रेचिंग ग्राउंड पर स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर सख्ती
स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों के तहत कलेक्टर ने ट्रेचिंग ग्राउंड का भी निरीक्षण किया और इसकी शीघ्र शिफ्टिंग के लिए एक ठोस एक्शन प्लान बनाने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी को दिए। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी भी दी।
ग्राम जामठी में प्रस्तावित फायर स्टेशन और आईएसबीटी इंटर स्टेट बस टर्मिनल के लिए चिन्हित स्थलों का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। बताया जाता है कि स्टेट बस टर्मिनल की दूरी शहर से अधिक होने के कारण उन्होंने नपा के अधिकारियों से कहा है कि शहर से सटा कोई नया स्थान तलाशा जाएं ताकि ग्रामीणों को बस स्टैंड तक की दूरी तय ना करना पड़े।

एचएमटी फैक्ट्री की कार्ययोजना पर चर्चा
दौरे के दौरान कलेक्टर एचएमटी फैक्ट्री भी पहुंचे, जहां उन्होंने उद्योग विभाग से आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तृत जानकारी ली और औद्योगिक विकास को गति देने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, मुख्य नगरपालिका अधिकारी नवनीत पांडे, उद्योग विभाग के धीरज मंडलेकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर के इस सघन निरीक्षण से साफ है कि प्रशासन बैतूल को बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था, स्वच्छता और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में गंभीर है। आने वाले समय में इन योजनाओं के क्रियान्वयन से शहर का चेहरा बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




