Ward Parikrama: टैगोर वार्ड में शौचालय का अभाव बना बड़ी समस्या, पानी-सड़क व्यवस्था से अधिकांश लोग संतुष्ट

वार्डवासियों की सामने आई मिली-जुली प्रतिक्रिया

Ward Parikrama: बैतूल। नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 22 टैगोर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है। सांझवीर टाइम्स की वार्ड परिक्रमा के दौरान वार्डवासियों ने क्षेत्र की समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं पर खुलकर अपनी राय रखी। वार्ड के अधिकांश लोगों ने बताया कि एक दिन के अंतराल से पेयजल आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है, जिससे पानी की समस्या पहले की तुलना में काफी कम हुई है।

वहीं गुप्ता मॉल से गैस एजेंसी तक मुख्य सड़क बनने से आवागमन सुगम हुआ है और व्यापारियों व आम नागरिकों को राहत मिली है। इसी वार्ड में पूर्व विधायक, पूर्व नपाध्यक्ष अलकेश आर्य भी निवास करते है।

हालांकि, वार्ड में कुछ स्थानों पर नालियों की सफाई और नियमित स्वच्छता को लेकर शिकायतें भी सामने आईं। लोगों का कहना है कि कई जगह नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से गंदगी फैलती है, जिससे बरसात के मौसम में परेशानी बढ़ जाती है। व्यापारियों ने सबसे बड़ी समस्या सार्वजनिक शौचालय के अभाव को बताया।

उनका कहना है कि यह क्षेत्र व्यावसायिक होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहक और राहगीर आते हैं, लेकिन सार्वजनिक शौचालय नहीं होने से महिलाओं, बुजुर्गों और व्यापारियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों का आरोप है कि इस समस्या से कई बार वार्ड पार्षद को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं और शौचालय का निर्माण नहीं हो सका।

इधर, पुलिस लाइन क्षेत्र के रहवासियों ने भी सड़क, नाली की सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। उनका कहना है कि इन मूलभूत सुविधाओं के अभाव में रोजमर्रा की परेशानियां बनी रहती हैं। वार्ड पार्षद का कहना है कि पुलिस लाइन परिसर में सड़क और नाली निर्माण का कार्य संबंधित विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है।

इसके बावजूद नगर पालिका स्तर पर आवश्यक समन्वय कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। वार्डवासियों को उम्मीद है कि शौचालय सहित अन्य लंबित समस्याओं का जल्द निराकरण होगा।

क्या कहते हैं वार्डवासी

वार्ड के व्यावसायिक क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की सबसे बड़ी समस्या है। कई बार वार्ड पार्षद से शौचालय निर्माण की मांग की गई, लेकिन आज तक काम शुरू नहीं हो सका। शौचालय नहीं होने से व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा वार्ड में कोई बड़ी समस्या नहीं है।

मनोज बेडरे, व्यवसायी

क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की सख्त जरूरत है। इस संबंध में कई बार पार्षद से मांग की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। शौचालय नहीं होने से व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को असुविधा होती है। शौचालय निर्माण के लिए पर्याप्त खाली जमीन भी उपलब्ध है। यदि इसका निर्माण हो जाता है तो व्यवसायियों की बड़ी समस्या दूर हो जाएगी। वहीं मुख्य सड़क बनने से आवागमन पहले की तुलना में काफी सुगम हो गया है।

अशोक पाठेकर, व्यवसायी

रिलायंस मॉल के सामने वाली सड़क पर बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बन जाती है। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाता है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी होती है। इसके अलावा वार्ड में कोई विशेष समस्या नहीं है।

कैलाश साहू, वार्डवासी

वार्ड में नालियों की समस्या बनी हुई है। कई स्थानों पर नालियां क्षतिग्रस्त हैं, जिससे पानी की निकासी नहीं हो पाती। नियमित साफ-सफाई का भी अभाव है। सफाई कर्मचारी समय पर वार्ड में नहीं पहुंचते, जिसके कारण गंदगी बनी रहती है और लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।

हेमंत जैन, वार्डवासी

सड़क, नाली और पार्कों का कराया निर्माण : पार्षद

वार्ड में कई स्थानों पर सड़क और नालियों का निर्माण कराया गया है। गुप्ता मॉल से लेकर गैस एजेंसी तक अतिक्रमण हटाकर सड़क को चौड़ा किया गया, जिससे आवागमन सुगम हुआ है। इसके अलावा वार्ड में दो पार्कों का निर्माण कराया गया है तथा व्यावसायिक क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था भी विकसित की गई है।

सार्वजनिक शौचालय के निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू होगा। वार्ड के किसी भी क्षेत्र से शिकायत मिलने पर उसका प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का प्रयास किया जाता है।

नितेश (पिंटू) परिहार, पार्षद, टैगोर वार्ड

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button