Betul Kotwali Police: तीन दिन से चोर का मोबाइल लेकर हाथ पर हाथ धरे बैठी कोतवाली पुलिस

अभी तक नहीं लगा पाई मंदिर की दानपेटी तोड़ने वाले का सुराग

Betul Kotwali Police: बैतूल। चोरी की मामलों में हमेशा सुस्त रवैया अपनाने वाली पुलिस का एक नया कारनामा सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के चक्कर रोड इलाके में मंदिर की दानपेटी तोड़ने का आरोपी चोर तो फरार होने में कामयाब हो गया, लेकिन पुलिस के हाथ चोर का मोबाइल लग गया। कोतवाली पुलिस तीन दिन से मोबाइल धरे बैठी है, लेकिन अभी तक चोर का सुराग तक ना ढूंढ पाना पुलिस की कार्यवाही पर प्रश्न चिन्ह लगा रहा है वो भी तब जब पुलिस विभाग के पास एक्सपर्ट सायबर विशेषज्ञ मौजूद हैं और अभी तक चोर पुलिस की पकड़ में आ जाना था। यही वजह है कि पिछले कुछ सालों का पुलिस रिकार्ड खंगाला जाए तो दर्जनों चोरी के मामले ऐसे निकल जाएंगे, इसका पुलिस ओर छोर तक नहीं ढूंढ पाई है जो कानून व्यवस्था के हिसाब से ठीक नहीं है।


चोर ने तीन मंदिरों की तोड़ी दान पेटी

घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों ने बताया कि 10 मई की रात्रि अज्ञात चोर ने यहां स्थित तीन मंदिरों की दान पेटी तोड़ी थी। ठीक इसी समय चोर को देख लिया गया। शोर मचाने के बाद चोर ने भी दौड़ लगा दी । इसी आपाधापी में चोर तो फरार होने में कामयाब हो गया, लेकिन उसका ओपो कम्पनी का मोबाइल लोगों के हाथ लग गया। घटना की सूचना तुरन्त डायल-100 को दी। कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। स्थानीय नागरिकों ने चोर का मोबाइल पुलिस को सौंप दिया ताकि इसी आधार पर पुलिस आसानी से चोर का पता लगा लेगी।

तीन दिन बाद भी कोतवाली पुलिस के हाथ खाली

स्थानीय नागरिकों के मुताबिक घटना के दूसरे ही दिन कुछ लोग कोतवाली थाने पहुंचे थे। पुलिस ने आश्वासन भी दिया कि मोबाइल के आधार पर जल्द ही पुलिस चोर को हिरासत में ले लेगी, लेकिन अभी तक पुलिस चोर का पता नहीं लगा पाई है। जबकि पुलिस चाहती तो सायबर एक्सपर्ट की मदद से तत्काल मोबाइल के जरिए चोर का पता लगा सकती थी, लेकिन इसे पुलिस का सुस्त रवैया ही कहा जाएगा कि तीन दिन बीतने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं।

अन्य चोरियों का भी हो सकता है खुलासा

एक चोर को पकड़ने के लिए कोतवाली पुलिस के पास पुख्ता सबूत होने के बावजूद इस मामले को ठंडे बस्ते में डाले रखना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। वो इसलिए कि पहले से ही चोरियों के कई मामले विभाग में पेंडिंग पड़े हुए हैं। इस बात की संभावना भी है कि दान पेटी तोड़ने वाले चोर को हिरासत में लेकर यदि पुलिस पूछताछ करे तो अन्य कई चोरियों का सुराग भी पुलिस को मिल सकता है, लेकिन ऐसा क्यों नहीं किया जा रहा है। इसका जवाब तो पुलिस अधिकारी ही दे सकते हैं। हालांकि जब इसकी जानकारी एसडीओपी को दी गई तो उनका कहना है कि जल्द ही इस मामले में कार्यवाही की जाएगी।

इनका कहना…..

चोरी का मामला मेरे संज्ञान में आया है। अभी तक क्या कार्यवाही हुई है, इसकी जानकारी ली जाएगी।

शालिनी परस्ते, एसडीओपी बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button