Ward Parikrama: वार्ड परिक्रमा: अर्जुन वार्ड में विकास के दावे फेल, सड़क–नाली और स्ट्रीट लाइट की बदहाली से परेशान लोग

जर्जर सड़कें और अधूरा निर्माण, बारिश में बढ़ती परेशानी
Ward Parikrama: बैतूल। नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-2 अर्जुन वार्ड में विकास के दावों के बावजूद कई मूलभूत समस्याएं आज भी जस की तस बनी हुई हैं। वार्ड के रहवासी सड़क, नाली, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं। सांझवीर के वार्ड परिक्रमा के दौरान जब टीम ने वार्ड का जायजा लेकर स्थानीय लोगों से चर्चा की तो कई समस्याएं सामने आईं। रहवासियों का कहना है कि वर्षों से इन समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा केवल आश्वासन ही दिए जाते हैं।
वार्ड के कई हिस्सों में सड़कें जर्जर हैं या फिर अब तक उनका निर्माण नहीं हो पाया है। इससे लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब सड़कों पर कीचड़ और जलभराव हो जाता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।
वहीं नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से भी लोगों में नाराजगी है। नाले के किनारे रहने वाले परिवारों ने बताया कि बरसात के समय नाले का पानी उफनकर घरों के आसपास पहुंच जाता है, जिससे हमेशा नुकसान का खतरा बना रहता है। कई बार शिकायत करने के बाद भी नाले की सफाई नहीं कराई गई। वार्ड में सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। कई स्थानों पर कचरा जमा होने से गंदगी का माहौल बना रहता है।
इसके अलावा कई गलियों में स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय अंधेरा छाया रहता है। रहवासियों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद खराब लाइटों को सुधारने में देरी की जाती है। लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि विकास के दावे कागजों तक सीमित हैं, जबकि हकीकत में वार्डवासी आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने नगरपालिका से जल्द समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।

क्या कहते हैं वार्डवासी
वार्ड में सड़क की समस्या बनी है। कई वर्षों से सड़क नहीं बनाई है। आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली का पोल घर से दूर होने के कारण लंबा तार डालकर बिजली कनेक्शन घर तक लाना पड़ा। पार्षद से कई बार गुहार लगाई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। बारिश के दिनों में सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
गोपाल सिंह, वार्डवासी, अर्जुन वार्ड बैतूल
वार्ड में सड़क नहीं बनने से परेशानी होती है। कुछ स्थानों पर सफाई का अभाव भी साफ नजर आता है। नालियां भी चोक हो गई है, इससे पानी की निकास नहीं हो पा रही है। सड़कों पर नालियों का पानी बहता रहता है। जगह-जगह वार्ड में गंदगी बनी है। सफाई कर्मचारी सफाई करने के लिए नहीं पहुंचते हैं। वार्डवासी परेशान होते रहते हैं।
महेश यादव, वार्डवासी अर्जुन वार्ड
वार्ड में लगभग तीन से चार विद्युत पोल के स्ट्रीट लाइट बंद है। कई बार शिकायतें की, लेकिन सुधार कार्य नहीं हो पाया। शिकायत करने पर कर्मचारी आते हैं पर बिना सुधार कार्य किए वापस लौट जाते हैं। बार-बार स्ट्रीट लाइट खराब होने की समस्या है। वार्ड में लंबे समय से सड़क नहीं बन सकी है। आवाजाही में परेशानी होती है।
मधु वराठे, वार्डवासी अर्जुन वार्ड

वार्ड में फारेस्ट आफिस के पीछे नाले की सफाई नहीं हो पाई है। अभी कुछ दिनों पहले बारिश हुई, इससे नाले का पानी सड़कों पर आ गया था। पार्षद से कई बार नाले की सफाई करवाने की मांग की, लेकिन समस्या का समाधन नहीं हो सका। बारिश के दिनों में सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नाले में सबसे ज्यादा गंदगी का आलम बना है।
यामिनी त्रिवेदी, वार्डवासी बैतूल

वार्डों में किया सडकों का निर्माण
अर्जुन वार्ड के पार्षद से उनके द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि वार्ड में एक साल के भीतर चार पक्की सड़कों का निर्माण किया है। कुछ जगह नालियां भी बनागई गई। बजट की कमी के कारण विकास कार्य में थोड़ी देरी जरूर हुई है। वार्डवासियों की हर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। जहां पर भी समस्या मिली है उस समस्रूा का समाधन करने का प्रयास किया जाता है।
नरेंद्र (सोनू) हरसूले, पार्षद अर्जुन वार्ड।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




