Betul Samachar: बैतूल में कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा भगवान भरोसे! नपा के पास फायर एनओसी का नहीं कोई रिकॉर्ड

लखनऊ हादसे के बाद खुली व्यवस्था की पोल, जांच में मिले सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के संकेत

Betul Samachar: बैतूल। लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 छात्रों की मौत के बाद देशभर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। इंदौर और शिवपुरी जैसे शहरों में नियमों का पालन नहीं करने वाले कई कोचिंग सेंटर सील किए जा चुके हैं, लेकिन बैतूल में स्थिति इससे भी अधिक चिंताजनक नजर आ रही है।

नगर पालिका के पास शहर में संचालित किसी भी कोचिंग सेंटर की फायर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। यह खुलासा सामने आने के बाद छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

करीब 100 कोचिंग सेंटर, लेकिन एक भी फायर एनओसी दर्ज नहीं

सांझवीर टाइम्स की पड़ताल में सामने आया कि शहर में करीब 100 छोटे-बड़े कोचिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं, लेकिन नगर पालिका के रिकॉर्ड में किसी भी कोचिंग सेंटर को फायर एनओसी जारी किए जाने का उल्लेख नहीं है। नगर पालिका की भवन शाखा के अनुसार अब तक कुल 77 फायर एनओसी जारी की गई हैं, लेकिन इनमें से एक भी कोचिंग संस्थान के नाम पर नहीं है। ये एनओसी मुख्य रूप से 500 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल वाले व्यावसायिक भवनों को जारी की गई हैं।

नपा और राजस्व शाखा दोनों के पास नहीं जानकारी

चौंकाने वाली बात यह है कि नगर पालिका की भवन शाखा और राजस्व शाखा, दोनों के पास कोचिंग सेंटरों से संबंधित फायर एनओसी का कोई रिकॉर्ड नहीं है। राजस्व शाखा निरीक्षक बी.एल. परते ने भी स्वीकार किया कि उनकी शाखा में इस प्रकार की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। इससे साफ है कि वर्षों से संचालित हो रहे कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था का व्यवस्थित निरीक्षण नहीं किया गया।

छात्रों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल

यदि किसी कोचिंग सेंटर में आगजनी या अन्य आपात स्थिति उत्पन्न हो जाए तो उससे निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं, इसकी भी कोई स्पष्ट जानकारी प्रशासन के पास नहीं है। ऐसे में हजारों छात्र प्रतिदिन जिन भवनों में पढ़ाई कर रहे हैं, उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।

सीएमओ ने शुरू किया निरीक्षण अभियान

नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडेय ने लखनऊ की घटना के बाद स्वयं मोर्चा संभालते हुए आधा दर्जन से अधिक कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ संस्थानों में फायर सेफ्टी सिस्टम और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की कमी पाई गई है। ऐसे संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा।

उन्होंने कहा कि अगले तीन-चार दिनों में सभी कोचिंग सेंटरों का विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फायर एनओसी रिकॉर्ड नहीं होने के मामले में संबंधित अधिकारियों से भी जवाब तलब किया जाएगा।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button