Ward Parikrama: इंदिरा वार्ड में दम तोड़ता नजर आया विकास

सड़क-नाली के लिए तरस रहे लोग, नहीं हुए कोई कामकाज
Ward Parikrama: बैतूल। नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 15 इंदिरा वार्ड में विकास के दावों की हकीकत जमीनी स्तर पर कुछ और ही नजर आती है। यहां के रहवासी आज भी सड़क, नाली और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वार्ड से भाजपा के पार्षद एवं सभापति रघुनाथ लोखंडे हैं, लेकिन वार्डवासियों का आरोप है कि वर्षों से समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
सांझवीर टाइम्स की वार्ड परिक्रमा के दौरान जब टीम ने वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया तो जगह-जगह बदहाल सड़कें, अधूरी नालियां और गंदगी के ढेर दिखाई दिए। रहवासियों ने खुलकर नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन जीत के बाद जनप्रतिनिधि ने वार्ड की ओर मुड़कर भी नहीं देखा।
लोगों का कहना है कि बारिश का मौसम आते ही हालात और बदतर हो जाते हैं। जहां नालियां नहीं हैं वहां पानी सड़कों और गलियों में भर जाता है। कीचड़ और जलभराव के कारण पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है।
वार्डवासियों ने बताया कि कई बार पार्षद और नगर पालिका अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्याओं के समाधान के बजाय केवल आश्वासन ही मिले। वर्षों से लंबित सड़क और नाली निर्माण के कार्य आज भी फाइलों में ही दबे पड़े हैं।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि जब प्रदेश और नगर पालिका दोनों जगह भाजपा की सरकार और जनप्रतिनिधि हैं, तब भी वार्ड विकास से क्यों वंचित है? रहवासियों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों की उदासीनता का खामियाजा आम जनता भुगत रही है।
वार्ड में बढ़ती नाराजगी साफ संकेत दे रही है कि यदि जल्द ही मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो लोगों का आक्रोश और बढ़ सकता है। फिलहाल इंदिरा वार्ड के हालात विकास के दावों पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर रहे हैं।

क्या कहते हैं वार्डवासी
दो महीने पहले नाली निर्माण के लिए पाइप लाकर रख दिए गए थे, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। जगह-जगह पानी जमा होने से गंदगी फैल रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वार्ड की सड़कों की हालत भी बेहद खराब हो चुकी है।
– मनोज मालवीय, वार्डवासी

वार्ड में पिछले 15 वर्षों से नाली निर्माण नहीं हुआ है। गंदे पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण पानी बोरवेल तक पहुंच रहा है, जिससे पीने का पानी भी दूषित हो रहा है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। कई बार पार्षद से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
एस.आर. भालेकर, वार्डवासी

सड़क और नाली नहीं होने के कारण बारिश के दौरान गंदा पानी घरों में घुस जाता है। नगर पालिका और पार्षद से चार-पांच बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जलभराव के कारण सांप-बिच्छुओं का खतरा भी बना रहता है, जो कई बार घरों में घुस आते हैं।
– ललिता कापसे, वार्डवासी

वार्ड में पिछले कई वर्षों से कोई बड़ा विकास कार्य नहीं हुआ है। लोगों को सड़क और नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जीत के बाद जनप्रतिनिधि वार्ड की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं देते।
– सुशीला कुंभारे, वार्डवासी

क्या कहते हैं पार्षद
मेरे द्वारा वार्ड में कई स्थानों पर सड़क और नाली निर्माण कार्य कराए गए हैं। पिछले 10 वर्षों से लंबित कई कार्यों को इस वर्ष पूरा कराया गया है। कुछ स्थानों पर सड़क निर्माण के कार्य शेष हैं, जिनकी प्रक्रिया जारी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। वार्डवासियों की जो भी समस्याएं और शिकायतें हैं, उनका निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। मेरा लगातार प्रयास है कि वार्ड के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान हो और विकास कार्यों में कोई कमी न रहे।
– रघुनाथ लोखंडे, पार्षद एवं सभापति
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




