Betul Weather News: उफान पर है तवा नदी, बाढ़ ने रोका 32 गांवों का रास्ता, सतपुड़ा डेम से रात भर छोड़ा 12 हजार क्यूसेक पानी, 24 घंटे में रिकार्ड हुई 43 मिलीमीटर बारिश
Betul News: Tawa river is in spate, flood blocked the way to 32 villages, 12 thousand cusecs of water released overnight from Satpura dam, 43 mm of rain recorded in 24 hours

▪️ कालीदास चौरासे
Betul Weather News: (सारनी)। प्रदेश के प्रमुख जलाशयों में से एक सतपुड़ा जलाशय लबालब हो गया। लेवल मेंटेन करने डेम से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। सोमवार रात से मंगलवार अलसुबाह तक सतपुड़ा डेम से प्रति सेकंड करीब 12 हजार क्यूसेक पानी तवा नदी में छोड़ा गया। इससे तवा नदी उफान पर है। तवा नदी में बाढ़ की वजह से पुनर्वास कैंप चोपना के 32 गांवों का रास्ता बंद है। मंगलवार सुबह से सतपुड़ा डेम के 7 गेट एक एक फीट की ऊंचाई पर खुले हैं। 7 गेटों से फिलहाल 6 हजार क्यूसेक पानी तवा में प्रति सेकंड छोड़ा जा रहा है। दरअसल पहाड़ी क्षेत्रों में रात भर झमाझम बारिश हुई है। इसके चलते बाढ़ का पानी डेम में पहुंच रहा है।
बीते 24 घंटे में 43 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड हुई है। इसी के साथ बारिश का आंकड़ा बढ़कर 371 मिलीमीटर पर पहुंच गया है। डेम में आ रही बाढ़ को देखते हुए सतपुड़ा का लेवल 1429.50 फीट मेंटेन किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रात 9 बजे डेम के 5 गेट 2-2 फीट की ऊंचाई पर खोले गए। इसके बाद भी लेवल मेंटेन नहीं होने पर गेटों की संख्या बढ़ाकर 7 कर दी गई। इस दौरान तवा नदी में प्रति सेकंड 12 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जाने लगा। यह सिलसिला मंगलवार सुबह तक चला। इसके बाद 7 गेटों की ऊंचाई घटाकर 1-1 फीट कर ली गई। बावजूद इसके तवा नदी में बाढ़ काम होने का नाम नहीं है। इसके चलते कई गांवों का संपर्क शहरी क्षेत्र से कटा है। गौरतलब है की सतपुड़ा डेम की कुल क्षमता 1433 फीट है। जुलाई माह में लेवल 1430 फीट मेंटेन किया जाता है। कैचमेंट एरिया में अभी भी बारिश का दौर जारी है।




