Betul Ki Khabar: मिलावटखोरों की अब खैर नहीं, आएंगी चलित लैब
Betul Ki Khabar: Adulterers are in trouble now, mobile labs will come

कई खाद पदार्थों की होगी जांच, मिलेगी तत्काल रिपोर्ट
Betul Ki Khabar: बैतूल। त्यौहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायतें आमतौर पर बढ़ जाती हैं। लोग मिठाई, दूध, तेल, मावा और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय अनजाने में मिलावटी सामान घर ले आते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित होता है। इन पर रोक लगाने और लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अब जिले में खाद्य एवं औषधी विभाग विभाग की ओर से एक विशेष पहल की जा रही है। दीपावली से पहले बैतूल जिले को चलित खाद्य परीक्षण लैब की सौगात मिलने जा रही है।
इस चलित लैब की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच की जा सकेगी और तत्काल रिपोर्ट उपलब्ध हो जाएगी। यानी अब यह जानने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा कि मिठाई या अन्य खाद्य पदार्थ शुद्ध हैं या उनमें मिलावट की गई है। लैब में एक साथ कई तरह के खाद्य पदार्थों की जांच संभव होगी, जिससे बड़े पैमाने पर सेंपल की टेस्टिंग की जा सकेगी।
खास बात यह है कि इस चलित लैब का उपयोग सिर्फ विभाग ही नहीं, बल्कि आम लोग भी कर सकेंगे। जो भी नागरिक अपने द्वारा खरीदे गए खाद्य पदार्थ की जांच कराना चाहते हैं, वे नाममात्र शुल्क देकर तुरंत जांच रिपोर्ट प्राप्त कर सकेंगे। दीपावली पर जब बाजारों में भीड़ और खरीदारी का दौर चलता है, तब यह सुविधा लोगों को स्वस्थ और सुरक्षित खानपान की गारंटी देगी।
अधिकारियों का कहना है कि लैब के माध्यम से मिलने वाली तत्काल रिपोर्ट से मिलावटखोरों पर न केवल अंकुश लगेगा बल्कि दुकानदारों पर भी दबाव बनेगा कि वे शुद्ध खाद्य सामग्री ही बेचें। खाद्य विभाग ने भी त्यौहारों को देखते हुए सघन जांच अभियान चलाने की तैयारी कर ली है। चलित लैब के जरिए अधिक से अधिक सेंपलों की जांच की जाएगी और यदि कहीं मिलावट पाई गई तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। त्यौहारी रौनक के बीच यह चलित लैब लोगों के लिए राहत की खबर है। इससे उपभोक्ताओं को भरोसा मिलेगा कि वे सुरक्षित और गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ ही खरीद रहे हैं।
इनका कहना…
दीपावली पर्व के पहले खाद्य पदार्थों की जांच के लिए चलित लैब बैतूल पहुंचेगी जहां खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को जांचा जाएगा। मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संदीप पाटील, खाद्य औषधी विभाग निरीक्षक बैतूल




