Betul News: डॉक्टर से मारपीट के आरोपियीं भाजपा नेताओं को पुलिस संरक्षण!

प्रशिक्षण शिविर में भी हुए शामिल, थाने से 200 मीटर दूरी पर दुकान पर भी पुलिस को नहीं दिखे
Betul News: बैतूल। भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीते दिनों एक डॉक्टर के साथ हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस सातों आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। क्षेत्र में लगातार इस बात की चर्चा हो रही है कि प्रभावशाली लोगों के दबाव और कथित साठगांठ के चलते आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।
10 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई थी, जब एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों और कुछ लोगों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए डॉक्टर के साथ हाथापाई कर दी थी। मामला इतना बढ़ गया था कि अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी। घटना के बाद पीड़ित डॉक्टर ने भैंसदेही थाने पहुंचकर सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज तो कर लिया, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
भाजपा के पदाधिकारियों के नाम एफआईआर में शामिल
बताया जा रहा है कि इस मामले में वर्तमान भैंसदेही भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री दिनेश कोसे और कुन्बी समाज संगठन के पूर्व अध्यक्ष मनीष नावंगे के नाम भी शामिल हैं। इसके बावजूद दोनों खुलेआम क्षेत्र में घूमते दिखाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं, भाजपा महामंत्री दिनेश कोसे हाल ही में बैतूल में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी सक्रिय रूप से शामिल हुए, जिससे लोगों के बीच यह संदेश गया कि आरोपियों को किसी प्रकार का भय नहीं है।
थाने से चंद कदमों की दूरी पर आरोपियों के प्रतिष्ठान
स्थानीय लोगों का कहना है कि डॉक्टर से मारपीट के आरोपी दिनेश कोसे का मेडिकल स्टोर थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है, जबकि मनीष नावंगे की दुकान भी थाने से लगभग 300 मीटर दूर है। इसके बावजूद पुलिस द्वारा गिरफ्तारी नहीं किए जाने से पुलिस की भूमिका पर सवालिया निशान लग रहे हैं। क्षेत्र में यह चर्चा भी जोरों पर है कि आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है और इसी कारण कार्रवाई धीमी पड़ गई है।
सूत्रों की मानें तो एफआईआर से नाम हटवाने के लिए भी आरोपियों द्वारा काफी प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं घटना के बाद कई लोग इन आरोपियों से दूरी बनाते हुए भी नजर आ रहे हैं। इधर पीड़ित डॉक्टर ने पूरे मामले को लेकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही, जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा बना हुआ है।
अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कब तक कार्रवाई करती है या फिर यह मामला भी राजनीतिक दबावों के बीच ठंडे बस्ते में चला जाएगा। इस बारे में जानकारी लेने के लिए भैंसदेही टीआई राजेश सातनकर को उनके मोबाइल 7987228338 पर दोपहर 2.23 से 2.41 बजे तक कई बार काल किया, लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया।
इनका कहना….
अस्पताल मेें लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे जा रहे हैं। डाक्टर के बयान होना भी बाकी है। प्रक्रिया पूरी होते ही आरोपियों की गिरफ्तारी हर हाल में होगी।
वीरेंद्र जैन, एसपी बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




