Video Train Fire News : घोड़ाडोंगरी स्टेशन पर बड़ा हादसा टला: सिकंदराबाद-दानापुर एक्सप्रेस के S-7 कोच में ब्रेक चिपकने से लगी आग, यात्रियों में मची भगदड़


Train Fire News : बैतूल। घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार रात सिकंदराबाद-दानापुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में आग लगने जैसी घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के S7 कोच के पहिए के पास ब्रेक चिपकने से अचानक धुआं उठने लगा और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। घटना के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई और कई लोग घबराकर कोच से उतरकर प्लेटफॉर्म पर आ गए। समय रहते रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 12791 सिकंदराबाद-दानापुर एक्सप्रेस सोमवार रात करीब 9:45 बजे घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची थी। ट्रेन रुकते ही यात्रियों ने S7 कोच के पहिए के पास से तेज धुआं निकलते देखा। कुछ ही देर में वहां से चिंगारियां और हल्की आग की लपटें भी दिखाई देने लगीं। यह दृश्य देखते ही कोच में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्री जल्दी-जल्दी दरवाजों और खिड़कियों से उतरकर प्लेटफॉर्म की ओर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन पर मौजूद रेलकर्मी, आरपीएफ जवान और तकनीकी स्टाफ मौके पर पहुंचा। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में पहिए के ब्रेक चिपकने से अत्यधिक गर्मी पैदा होना घटना का कारण बताया गया है। घटना के चलते ट्रेन करीब 20 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। जांच और सुरक्षा परीक्षण के बाद ट्रेन रात 10:06 बजे इटारसी की ओर रवाना की गई।




