Betul Ki Khabar: Video: बीच सड़क पर सांडों का तांडव, अफरा-तफरी का मंजर

दो महिला मज़दूर समेत तीन घायल, आधे घंटे तक ठप रहा कोठीबाजार का यातायात
Betul Ki Khabar: बैतूल। शहर के कोठीबाजार क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बीच सड़क पर दो सांड आपस में भिड़ गए। अचानक शुरू हुए इस तांडव ने राहगीरों और वाहन चालकों की सांसें थाम दीं। सांडों की लड़ाई के कारण आसपास काम कर रहे लोग संभल भी नहीं पाए। घटना में कंस्ट्रक्शन का काम कर रही दो महिला मज़दूरों सहित कुल तीन लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय सड़क किनारे निर्माण कार्य चल रहा था।
तभी अचानक दो सांड एक-दूसरे पर हमला करते सड़क के बीच आ गए। सांडों के सींगों और जोरदार टक्करों से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान एक सांड ने पास में काम कर रही महिला मज़दूर को टक्कर मार दी, इससेे वह सड़क पर गिर पड़ी। काम कर रही दो अन्य महिलाएं भी चपेट में आ गई। सड़क से पैदल आ रहे एक व्यक्ति सांडों के पैरों से कुचला कर बेहोश हो गया। उसे लोगों ने उठाकर होश में लाने की कोशिशें शुरू कर दी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सांडों को भगाने के लिए डंडों से मारने और पानी डालने की कोशिश की, लेकिन सांडों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। करीब आधे घंटे तक दोनों सांड सड़क के बीच लड़ते रहे। भय के कारण वाहन चालकों ने जहां के तहां अपने वाहन खड़े कर दिए, जिससे कोठीबाजार क्षेत्र में यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
इधर घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना ने एक बार फिर शहर में घूम रहे आवारा पशुओं की समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका और प्रशासन से मांग की है कि आवारा सांडों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से जान-माल की हानि न हो।




