Betul News: अब रेस्टहाउस में आम लोग भी रुक सकेंगे, किराए में बढ़ोतरी

जिले में 11 रेस्टहाउस, 5 की स्थिति ठीक, 6 कंडम, ऑनलाइन बुकिंग के बाद उपलब्धता के आधार पर मिलेगा कमरा

Betul News: बैतूल। सरकारी रेस्टहाउस में अब आम लोग भी ठहर सकेंगे। अब तक इन रेस्टहाउस का उपयोग मुख्य रूप से सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के ठहरने के लिए किया जाता था। सरकार ने नियमों में बदलाव करते हुए आम नागरिकों और पर्यटकों के लिए भी रेस्टहाउस में ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई है।

इसके लिए संबंधित व्यक्ति को लोक निर्माण विभाग की अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। कमरे की उपलब्धता होने पर ही बुकिंग स्वीकार की जाएगी। आम लोगों को सरकारी रेस्टहाउस में ठहरने की सुविधा मिलने से पर्यटकों और अन्य लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन इसके साथ ही कमरों का किराया भी बढ़ा दिया गया है।

जिला मुख्यालय के रेस्टहाउस में अब एक कमरे के लिए 1000 रुपए किराया देना होगा। वहीं हॉल का किराया 800 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए कर दिया गया है। तहसील मुख्यालयों पर स्थित रेस्टहाउस में कमरे का किराया 500 रुपए से बढ़ाकर 600 रुपए प्रति कमरा कर दिया गया है।

जिले में 11 रेस्टहाउस, छह की हालत खराब

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में लोक निर्माण विभाग के कुल 11 रेस्टहाउस हैं। इनमें जिला मुख्यालय पर दो रेस्टहाउस हैं, जबकि जिले के सभी ब्लॉकों में एक-एक रेस्टहाउस संचालित है। इनमें से करीब छह रेस्टहाउस लंबे समय से उचित देखरेख के अभाव में जर्जर स्थिति में पहुंच चुके हैं। इन रेस्टहाउस में ठहरने के लिहाज से जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।

जिला मुख्यालय के दोनों रेस्टहाउस के अलावा भैंसदेही, मुलताई और आमला के रेस्टहाउस की स्थिति ठहरने योग्य बताई गई है। वहीं अन्य ब्लॉकों में स्थित रेस्टहाउस की हालत खराब होने के कारण वहां आम लोगों के ठहरने की सुविधा फिलहाल व्यावहारिक नहीं है। वर्षों से मरम्मत और रखरखाव नहीं होने के कारण कई रेस्टहाउस की इमारतें और कमरों की स्थिति खराब हो चुकी है।

पर्यटकों को भी मिलेगा विकल्प

सरकारी रेस्टहाउस में आम लोगों को ठहरने की सुविधा मिलने से जिले के पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों को भी एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। यदि कोई पर्यटक जिले के किसी क्षेत्र में घूमने के दौरान रेस्टहाउस में रुकना चाहता है तो उसे लोक निर्माण विभाग की अधिकृत वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी।

अधिकारियों के अनुसार कमरे की उपलब्धता के आधार पर ही बुकिंग की अनुमति मिलेगी। यदि निर्धारित तिथि पर कमरा पहले से बुक है तो नई बुकिंग स्वीकार नहीं की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत सरकारी रेस्टहाउस अब केवल सरकारी कामकाज तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि आम नागरिक भी निर्धारित शुल्क देकर इनका उपयोग कर सकेंगे। हालांकि जिले के छह रेस्टहाउस की खराब स्थिति इस सुविधा के विस्तार में बड़ी चुनौती बनी हुई है। इनके रखरखाव और मरम्मत पर ध्यान दिया जाए तो आम लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकती है।

इनका कहना…..

जिला मुख्यालय पर दो और अन्य ब्लॉकों में एक-एक रेस्ट हाउस है, अब आम लोगों को भी रेस्ट हाउस में रूकने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए ऑनलाईन बुकिंग करना होगा। किराए में भी बढ़ोत्तरी की है। जिले के 11 रेस्ट हाउस में 5 की स्थिति ठीक है। अन्य रेस्ट हाउस की मरम्मत कर उसे सुधारा जाएंगा।

मनीष कुमार मरकाम, ईई, लोक निर्माण, विभाग, बैतूल

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button