Betul News: मोदी की अपील के बाद सराफा बाजार में मंदी का दौर…

करोड़ों का कारोबार प्रभावित, बढ़ते दाम और मलमास ने बिगाड़ी बाजार की रौनक
Betul News: बैतूल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में सोना-चांदी की खरीदी को लेकर की गई अपील का असर अब सीधे सराफा बाजार में दिखाई देने लगा है। बैतूल सहित जिलेभर के सराफा बाजारों में इन दिनों सन्नाटा पसरा हुआ है। जहां पहले दिनभर ग्राहकों की भीड़, खरीददारी और चहल-पहल रहती थी, वहीं अब दुकानों पर व्यापारी ग्राहकों के इंतजार में बैठे नजर आ रहे हैं। बाजार में आभूषणों की बिक्री में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे करोड़ों रुपए का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
बैतूल का सराफा बाजार जिले के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में गिना जाता है। यहां प्रतिदिन करोड़ों रुपए का सोना-चांदी खरीदा और बेचा जाता है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से कारोबार में लगभग 40 से 50 प्रतिशत तक गिरावट आने की बात व्यापारी खुद स्वीकार कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद लोगों ने सोना-चांदी की खरीददारी को टालना शुरू कर दिया है। वहीं दूसरी ओर सोने-चांदी के लगातार बढ़ते दामों और मलमास के कारण विवाह समारोह बंद होने से भी बाजार पर सीधा असर पड़ा है।
सोने-चांदी के दाम छू रहे आसमान
सराफा बाजार के व्यापारियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, युद्ध जैसे हालात और आर्थिक अस्थिरता के चलते सोने-चांदी की कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है। सोमवार को 24 कैरेट सोने का भाव 1 लाख 54 हजार 200 रुपए प्रति दस ग्राम और चांदी का भाव 2 लाख 64 हजार 200 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया।
इन बढ़ती कीमतों ने आम उपभोक्ताओं की पहुंच से आभूषणों को काफी दूर कर दिया है। व्यापारियों का कहना है कि पहले लोग निवेश और भविष्य की सुरक्षा को देखते हुए सोना खरीदते थे, लेकिन अब बढ़ती महंगाई के कारण लोगों की प्राथमिकताएं बदल रही हैं। रोजमर्रा के खर्च बढ़ने से लोग जरूरी जरूरतों पर ध्यान दे रहे हैं और महंगे आभूषण खरीदने से बच रहे हैं। यही कारण है कि बाजार में ग्राहकों की संख्या लगातार घटती जा रही है।
क्या कहते हैं सराफा व्यापारी
व्यापारियों का कहना है कि विवाह के दौरान लोग अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार आभूषण खरीदते हैं। कई परिवार कम कीमत के गहने खरीदते हैं, तो कुछ लोग पुराने आभूषण बदलकर नए बनवाते हैं। हालांकि इस समय विवाह नहीं होने से बाजार की रौनक पूरी तरह फीकी पड़ गई है।
सराफा व्यापारी लोकेश पगारिया ने बताया कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद लोगों ने सोना-चांदी खरीदने से दूरी बना ली है। पिछले कुछ दिनों में बाजार में ग्राहकों की संख्या काफी कम हुई है और आभूषणों की बिक्री पर बड़ा असर पड़ा है। व्यापारी अभिषेक तातेड़ का कहना है कि बाजार में मंदी के पीछे कई कारण हैं।
प्रधानमंत्री की अपील के अलावा वैवाहिक सीजन का बंद होना और लगातार बढ़ती कीमतें भी बड़ी वजह हैं। उन्होंने बताया कि आम लोगों के लिए इतने महंगे दामों पर आभूषण खरीदना आसान नहीं रह गया है। वहीं व्यवसायी ऊषभ गोठी ने बताया कि प्रधानमंत्री को फॉलो करने वाले कई लोगों ने फिलहाल ज्वेलरी खरीदना बंद कर दिया है। उनके अनुसार बाजार में लगभग 30 से 40 प्रतिशत तक खरीददारी कम हुई है।
कई ग्राहक नए आभूषण खरीदने के बजाय पुराने गहने एक्सचेंज कर नए डिजाइन बनवा रहे हैं। कुल मिलाकर देखा जाए तो प्रधानमंत्री की अपील, बढ़ती महंगाई, सोने-चांदी के रिकॉर्ड दाम और मलमास के कारण बैतूल का सराफा बाजार इन दिनों मंदी के दौर से गुजर रहा है। व्यापारियों को उम्मीद है कि विवाह सीजन शुरू होने और बाजार की स्थिति सामान्य होने के बाद फिर से कारोबार में तेजी आएगी।
विवाह पर लगा है ब्रेक
मलमास के कारण विवाह पर ब्रेक लगा हुआ है। 17 मई से मलमास की शुरुआत हुई, तब से विवाह समारोह बंद हो गए हैं। आगामी 15 जून तक विवाह समारोह नहीं होंगे। विवाह नहीं होने के कारण सोने-चांदी की खरीददारी पर खासा असर पड़ा है।
व्यापारियों का मानना है कि विवाह सीजन के समय खरीददारी होती है, भले ही प्रधानमंत्री ने सोना-चांदी न खरीदने की अपील की हो, लेकिन जिनके यहां विवाह होने वाला है, वे लोग सोना-चांदी खरीदते हैं। बिना आभूषणों के विवाह संपन्न नहीं कराते हैं। अपनी माली हालत के अनुसार लोग कम कीमत के आभूषण खरीदते हैं, लेकिन पूरी तरह से सोना चांदी खरीदना बंद नहीं करते हैं।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




