Betul Accident News:  देव स्थान से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलटी, एक की मौत

32 अन्य लोग घायल, गंभीर 15 को उपचार के लिए जिला अस्पता रेफर किया, सभी महाराष्ट्र के निवासी

Betul Accident News: बैतूल/भीमपुर/दामजीपुरा। जिले के मोहदा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक वृद्ध श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हो गए। घायलों में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

मोहदा पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के अमरावती जिले के धारणी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोड़ीलावा के करीब 35 श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर बैतूल जिले के भैंसदेही स्थित गुप्तवाड़ा देवस्थान के दर्शन के लिए आए थे। श्रद्धालु दर्शन करने के बाद सोमवार रात लगभग 8 बजे अपने गांव वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान मोहदा थाना क्षेत्र के ग्राम खेरा कुनखेड़ी के पास एक मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। बताया जा रहा है कि मोड़ पर वाहन की गति अधिक होने और संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ।

और मची चीख पुकार

हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉली में बैठे लोग नीचे गिरकर दब गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में बुकला पिता बाटू जावलकर (58) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में कुल 32 श्रद्धालु घायल हो गए। सूचना मिलते ही मोहदा पुलिस और डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ट्रॉली के नीचे से बाहर निकाला और एंबुलेंस एवं पुलिस वाहनों की सहायता से भीमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

15 लोगों को जिला अस्पताल किया रेफर

भीमपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल करीब 12 से 15 लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों को फ्रैक्चर, सिर में चोट और अंदरूनी चोटें आई हैं।

घायलों में कृष्णा (14), रामबाई (50), बीसराम (50), ईश्वर (24), फुलवती (3), जयश्री (30), कली (30), अर्जुन (25), उर्मिला (30), रेखा (30), शिवराम (40), तुलसीराम (28), लोधी (60) सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर चालक का नियंत्रण खोना हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button