Betul Massive Fire : सरंदई-जामठी में भीषण आग, 4 झोपड़ियां खाक, किसानों को लाखों का नुकसान

Betul Massive Fire : आमला। आमला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अंधारिया के ग्राम सरंदई और जामठी में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग तेजी से फैलते हुए 4 झोपड़ियों तक पहुंच गई और आसपास के क्षेत्र को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया और तुरंत प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।
इस आगजनी की घटना में किसान नीलेश, रमेश और बलिराम गड़ेकर सहित आधा दर्जन किसानों को भारी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 4 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। आग में कई पेड़-पौधे भी जलकर खाक हो गए।
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास जारी है।




