Naree Shakti Vandan: नपा के नारी शक्ति वन्दन के एकमात्र विषय के सम्मेलन में कांग्रेसी पार्षदों की नाराजगी

जलकर बढ़ाए जाने, सड़क के मुद्दे पर खुलकर रखी अपनी बात
Naree Shakti Vandan: बैतूल। नगरपालिका के एक विषय पर आयोजित विशेष सम्मेलन में कांग्रेस पार्षदों ने विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर जोरदार तरीके से अपनी बात रखी। यह सम्मेलन राज्य शासन के निर्देश पर नारी शक्ति वंदन विषय को लेकर बुलाया गया था, जिस पर सर्वसम्मति बन गई। हालांकि, बैठक के दौरान अन्य मुद्दों पर तीखी बहस देखने को मिली। बैठक में नपा अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, सीएमओ नवनीत पांडेय समेत पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत में राज्य शासन द्वारा दिए गए निर्देश के अनुसार 10 से 25 अप्रैत तक नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा को लेकर विशेष सम्मेलन की जानकारी सीएमओ पांडेय ने दी। चूंकि बैठक में एक ही एजेंडा था, इसलिए संभावना जताई जा रही थी कि सम्मेलन जल्द ही खत्म हो जाएगा, लेकिन कांग्रेसी पार्षदों ने मुद्दें उठाना शुरू कर दिया। नेता प्रतिपक्ष राजकुमार दीवान ने जलकर को लेकर आपत्ति जताई।
उन्होंने कहा कि जब नागरिकों से पूरा जलकर वसूला जा रहा है, तो पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। वर्तमान में एक दिन छोड़कर पानी मिल रहा है, और अब इसे दो से तीन दिन के अंतराल में देने की बात कही जा रही है, जो स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने जलकर में कमी करने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि लोगों को जितना पानी दिया जा रहा है उतना ही जलकर की वसूली की जाए।
इसके अलावा कांग्रेस पार्षदों ने नगर पालिका में फाइलों के लंबित रहने का मुद्दा भी उठाया। इस पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने जवाब देते हुए कहा कि पार्षद सीधे उनसे कार्यालय में आकर चर्चा कर सकते हैं। बैठक में निर्माण कार्यों से जुड़ी पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए गए। पार्षदों का कहना था कि वार्डों में होने वाले टेंडरों की जानकारी उन्हें समय पर नहीं मिलती। पार्षद नंदिनी तिवारी ने सुझाव दिया कि सभी 33 वार्डों में कम से कम एक-एक विकास कार्य के टेंडर जारी किए जाएं।
वहीं, पार्षद अब्दुल नफीस ने सड़कों की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि तीन साल पहले डामरीकरण के टेंडर जारी हुए थे, लेकिन उनके वार्ड में अब तक सड़क निर्माण नहीं हो सका, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सम्मेलन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के बीच कांग्रेस पार्षदों का रुख मुखर रहा और उन्होंने जनहित से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




