Betul Ki Khabar: हेलमेट-स्पीड पर सख्ती : 2 दिन में 574 चालान, 2.10 लाख वसूले

20 लाइसेंस निलंबन की सिफारिश से हड़कम्प
Betul Ki Khabar: बैतूल। जिले में बढ़ती सडक़ दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष सडक़ सुरक्षा अभियान के तहत शनिवार और रविवार को जिलेभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 574 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 लाख से अधिक का समंस शुल्क वसूला गया, वहीं 20 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को सिफारिश भेजी गई है।
हेलमेट और सीटबेल्ट पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस का फोकस हेलमेट और सीटबेल्ट जैसे बुनियादी सुरक्षा नियमों पर रहा। 459 दोपहिया चालकों पर हेलमेट नहीं पहनने पर 1,37,700 वसूले गए। इसी तरह 55 चार पहिया चालकों पर सीटबेल्ट नहीं लगाने पर 27 हजार 500 का जुर्माना, 11 मामलों में ओवरस्पीडिंग पर 11 हजार की कार्रवाई, 42 वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं होने पर 31 हजार वसूले गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नियमों की अनदेखी ही अधिकांश दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बन रही है, इसलिए ऐसे मामलों में अब सख्ती लगातार जारी रहेगी।
दर्दनाक हादसे ने दी चेतावनी
अभियान के बीच 12 अप्रैल को थाना शाहपुर क्षेत्र में हुई एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया। एक युवती अपनी शादी के कार्ड बांटकर स्कूटी से लौट रही थी, लेकिन हेलमेट नहीं पहनने के कारण ट्रैक्टर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस घटना को उदाहरण बताते हुए कहा कि छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
पुलिस की अपील: नियमों का पालन ही सुरक्षा
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि सडक़ सुरक्षा को लेकर लापरवाही न बरतें और नियमों का सख्ती से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठा व्यक्ति दोनों हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीटबेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें, नाबालिगों को वाहन न चलाने दें, ओवरस्पीडिंग से बचें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें, शराब या नशे की हालत में वाहन न चलाएं,हाईवे, टी और वाई जंक्शन पर विशेष सावधानी बरतें।
लगातार जारी रहेगा अभियान
बैतूल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सडक़ सुरक्षा को लेकर यह अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com



