Betul Hospital News: 37 डिग्री तापमान में जिला अस्पताल के मरीज बेहाल

अस्पताल प्रबंधन के पास कूलर मौजूद, वार्डों में लगाने के लिए परहेज
Betul Hospital News: बैतूल। जिले में भीषण गर्मी की शुरुआत के साथ ही तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। पारा 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से आमजन के साथ-साथ जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों की परेशानियां भी बढ़ गई हैं। अस्पताल के वार्डों में अब तक कूलर नहीं लगाए जाने से मरीजों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। पंखे भी गर्म हवा देने लगे हैं, जिससे मरीजों को राहत नहीं मिल पा रही है।
पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। दोपहर के समय गर्मी इतनी तेज हो जाती है कि लोग घरों में रहने को मजबूर हो रहे हैं। ऐसे हालात में अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्थिति और अधिक कठिन हो गई है। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अस्पताल प्रशासन द्वारा गर्मी से राहत के लिए अब तक पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।

अस्पताल की तीसरी मंजिल पर संचालित वार्डों में भर्ती मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। दिनभर धूप पड़ने के कारण छत गर्म हो जाती है, जिससे वार्डों के भीतर तापमान काफी बढ़ जाता है। गर्मी के कारण कई मरीजों को बेचैनी और घबराहट महसूस होने लगती है। दूसरी मंजिल के वार्डों में भी स्थिति कमोबेश ऐसी ही बनी हुई है, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर भर्ती मरीजों को अपेक्षाकृत थोड़ी राहत मिल रही है।
मरीजों के परिजनों का कहना है कि अस्पताल में लगे पंखे गर्म हवा फेंक रहे हैं, जिससे राहत मिलने के बजाय परेशानी और बढ़ रही है। खासकर बुजुर्ग, बच्चे और गंभीर मरीज गर्मी से ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर मौसम के अनुसार व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जानी चाहिए।
स्टोर से बाहर नहीं निकले कूलर
जानकारी के अनुसार अस्पताल में कूलर उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें अभी तक वार्डों में नहीं लगाया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ कूलर खराब स्थिति में पड़े हैं, जिनकी मरम्मत भी अब तक नहीं कराई गई है। भीषण गर्मी के बावजूद कूलरों का उपयोग शुरू नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी देखी जा रही है।
मरीजों का कहना है कि इस मौसम में अस्पताल प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर कूलर और अन्य व्यवस्थाएं शुरू करनी चाहिए, ताकि भर्ती मरीजों को राहत मिल सके। उनका आरोप है कि अधिकारी और प्रशासनिक कर्मचारी एसी एवं कूलर की सुविधा में काम करते हैं, जबकि वार्डों में भर्ती मरीज और अस्पताल स्टाफ गर्मी से जूझने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों ने भी अस्पताल प्रबंधन से जल्द से जल्द वार्डों में कूलर लगाने और खराब कूलरों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बढ़ती गर्मी के बीच मरीजों को राहत मिल सके। इस संबंध में सिविल सर्जर डॉ. जगदीश घोरे के मोबाईल पर संपर्क किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।




