Betul Fire News: वीडियो: जूनावानी के जंगल में आग की खबर से हड़कंप

पूरे जिले की दमकल पहुंची, केवल पाले में ही लगी थी आग
Betul Fire News: बैतूल। शुक्रवार दोपहर जिले की अधिकांश नगरपालिका-नगर परिषद के आपातकालीन नंबर पर फोन घनघनाते ही हड़कंप मच गया। सूचना मिल रही थी कि दक्षिण वन मंडल के ताप्ती रेंज के जूनावानी बीट के जंगल में भीषण आग लग गई है। अलर्ट मोड पर आई दमकल की टीम एक के बाद एक जूनावानी की ओर से रवाना हो गई।
जिले के प्रशासनिक, वन और पुलिस महकमे के अधिकारियों को भी सूचना मिलते ही टीमें जूनावानी की तरफ रवाना हो गई। दोपहर में सूचना मिली की जंगल में नहीं बल्कि केवल पाले में ही आग लगी थी। हालांकि यह आग तेजी से फैल रही थी। दमकल ने पहुंचते ही आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक फैल रही आग पर दमकल ने काबू पाने का प्रयास कर रही है।
राजस्व के जंगल में आग लगने की सूचना
पूरे मामले में वन विभाग के अधिकारी भी अलर्ट मोड पर आ गए। बाद में बताया गया कि वन विभाग के जंगल में आग नहीं लगी थी, बल्कि राजस्व विभाग के छोटे जंगल में पाले में आग लगने के बाद यह तेजी से फैल गई। ग्रामीणों की सूचना के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया और प्रारंभिक सूचना मिलते ही बैतूल, मुलताई, बैतूलबाजार, आमला की दमकल तत्काल जूनावानी पहुंच गई थी। हालांकि बाद में जिले के अन्य निकायों से भी दमकल यहां पहुंचने की खबर है। समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू करने का प्रयास किया जा रहा है।
इनका कहना….
आग लगने की सूचना के बाद हमारी टीम मौके पर पहुंच गईथी। हालांकि जिस जगह आग लगी है वह राजस्व का जंगल है, फिर भी आग बुझाने में मदद की जा रही है।
अरिहंत कोचर, डीएफओ दक्षिण वन मंडल, बैतूल
आग और अधिक क्षेत्र में न फैले इसलिए पुलिस बल भी जूनावानी क्षेत्र पहुंच गया था। आग पर काबू करने के सामूहिक प्रयास किए जा रहे हैं।
वीरेंद्र जैन, एसपी बैतूल




