Betul News: सीएम हाउस के काम का रसूख, बैतूल की लिंक रोड पर सुस्ती!

7.80 करोड़ की सड़क गणेश उत्सव के बाद भी अधूरी, अब दुर्गा उत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के सामने जाम का खतरा
Betul News: बैतूल। शहर की बहुप्रतीक्षित कारगिल चौक-गढ़ाघाट लिंक रोड अब निर्माण से ज्यादा अपनी लेटलतीफी को लेकर चर्चा में है। करीब 7.80 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सीसी सड़क का काम तय गति से नहीं चलने के कारण शहरवासियों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
पहले ठेकेदार ने गणेश उत्सव तक काम पूरा करने का दावा किया था, लेकिन गणेश उत्सव निकल गया और अब 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले दुर्गा उत्सव तक भी सड़क पूरी होने की उम्मीद कम नजर आ रही है।
खास बात यह है कि इस सड़क का काम भोपाल के ठेकेदार कपिल शर्मा के पास है। निर्माण एजेंसी से जुड़े लोगों और जनप्रतिनिधियों के सामने ठेकेदार द्वारा बड़े प्रोजेक्ट और सीएम हाउस में काम करने का हवाला देकर अपनी पहुंच बताने की चर्चा पहले भी सामने आती रही है।
यही वजह है कि अब सवाल उठ रहे हैं कि करोड़ों रुपए के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में आखिर काम की रफ्तार पर नियंत्रण क्यों नहीं हो पा रहा है। विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे भी सड़क निर्माण में देरी को लेकर मौके का निरीक्षण कर नाराजगी जता चुके हैं।
इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज हुई और ठेकेदार ने काम शुरू किया, लेकिन काम की गति अब भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं होने से समस्या बनी हुई है।

पहले व्हाइट टॉपिंग, अब लिंक रोड प्रोजेक्ट में उठे सवाल
कारगिल चौक से गढ़ाघाट तक बनने वाली लिंक रोड का काम शुरू होने से पहले इसी ठेकेदार से जुड़े व्हाइट टॉपिंग सड़क प्रोजेक्ट को लेकर भी विवाद और देरी की स्थिति बनी थी। बताया जाता है कि उस दौरान ठेकेदार द्वारा बड़े प्रोजेक्ट में काम करने और अपनी पहुंच का हवाला दिए जाने की चर्चा थी।
पूर्व में कुछ मीडिया कर्मियों की शिकायत के बाद सीएम हाउस के काम का हवाला देकर दबाव बनाने के आरोपों पर तत्कालीन पीडब्ल्यूडी ईई प्रीति पटेल को विधायक खंडेलवाल ने फटकार भी लगाई थी। इसके बाद व्हाइट टॉपिंग सड़क के काम में तेजी आई थी। अब उसी ठेकेदार को शहर के महत्वपूर्ण लिंक रोड प्रोजेक्ट का काम मिलने के बाद फिर काम की गति सवालों के घेरे में है।
अतिक्रमण हटने के बाद भी नहीं पकड़ पाई रफ्तार
लिंक रोड निर्माण में सबसे बड़ी बाधा अतिक्रमण को माना जा रहा था। प्रशासन और नगर पालिका ने कार्रवाई करते हुए कई स्थानों से अतिक्रमण हटाया। इसके बाद उम्मीद थी कि सड़क निर्माण तेजी से पूरा होगा, लेकिन मौके पर काम की रफ्तार अभी भी धीमी दिखाई दे रही है। शहर के लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपए की सड़क का निर्माण लंबे समय तक खिंचने से रोजाना आवागमन प्रभावित हो रहा है। कारोबारियों और रहवासियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
दुर्गा उत्सव में बढ़ेगी चुनौती, काली जी की प्रतिमा तक पहुंचने का यही प्रमुख रास्ता
11 अक्टूबर से शुरू होने वाले दुर्गा उत्सव को लेकर अब सबसे बड़ी चिंता यातायात व्यवस्था की है। लिंक रोड शहर के महत्वपूर्ण और पॉश इलाके को जोड़ता है। इसी मार्ग से पुराने बच्चा जेल के आगे स्थापित होने वाली शहर की प्रसिद्ध काली जी की प्रतिमा तक पहुंचा जाता है।
दुर्गा उत्सव के दौरान शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी हजारों लोग प्रतिमा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कारगिल चौक से इस क्षेत्र तक पहुंचने के लिए यह प्रमुख मार्ग है। ऐसे में यदि सड़क निर्माण जारी रहा तो वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ जाम और यातायात अव्यवस्था की स्थिति बन सकती है।
्एक पखवाड़े से ज्यादा निर्माण चला तो उत्सव में फंस सकता है ट्रैफिक
मौके की स्थिति को देखते हुए सड़क निर्माण में अभी समय लगने की संभावना है। यदि काम अगले एक पखवाड़े से ज्यादा चलता है तो दुर्गा उत्सव के दौरान इस मार्ग से गुजरने वाले श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या प्रशासन के लिए चुनौती बन सकती है। ऐसे में अब सवाल केवल सड़क निर्माण पूरा होने का नहीं, बल्कि दुर्गा उत्सव से पहले यातायात के लिए सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध कराने का भी है।




