Betul Samachar: अब अरविंदो हॉस्पिटल इंदौर से लिंक होगी जिला अस्पताल की सोनोग्राफी मशीन
Betul Samachar: Now the sonography machine of the district hospital will be linked to Aurobindo Hospital and Indore.

रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर की कमी होगी पूरी, फिलहाल मरीजों को राहत
Betul Samachar: बैतूल। जिला पिछले 6 महीनों से बिना रेडियोलाजिस्ट डॉक्टर के संचालित हो रहा है। जिला अस्पताल में सोनोग्राफी करने आ रहे गरीबों को वापस लौटना पड़ रहा है। केवल गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी हो रही है। अब राहत की बात यह है कि जिला अस्पताल की सोनोग्राफी को इंदौर के अरविंदो हॉस्पिटल से लिंक किया जाएगा। सीधे इंदौर हॉस्पिटल से विशेषज्ञ सोनोग्राफी की रिपोर्ट ऑनलाईन देंगे।
इस सेवा के शुरू होने से अस्पताल में सोनोग्राफी करवाने आने वाले लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि अभी इस प्रक्रिया को शुरू करने के लिए थोड़ा और समय लगेगा, लेकिन अस्पताल में ही सोनोग्राफी की सुविधा शुरू हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि जिला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट डॉ ओपी यादव दिसम्बर 2023 में रिटायर हो गए। इनके रिटायरमेंट के बाद से इनके स्थान कोई नए डॉक्टर की पदस्थापना नहीं हुई है।
अस्पताल प्रबंधन ने महिला डॉक्टर को ट्रेनिंग देकर गर्भवती महिलाओं की इमरजेंसी सोनोग्राफी करवाई जा रही है। अन्य दूसरे लोगों की सोनोग्राफी अस्पताल में नहीं हो रही है। जो भी व्यक्ति सोनोग्राफी के लिए अस्पताल पहुंचता है, उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अब व्यवस्था बनाना शुरू किया है।
इस तरह से होगी सोनोग्राफी
सीएमएचओ डॉ रविकांत उईके ने बताया कि मुलताई के एक धर्माधिकारी के सहयोग से जिला अस्पताल की सोनोग्राफी मशीन को इंदौर के अरविंदो मेडिकल कॉलेज से ऑनलाईन जोड़ा जाएगा। स्थानीय कर्मचारियों को भी इसमें टे्रनिंग दी जाएगी। जिला अस्पताल की सोनोग्राफी मशीन जब अरविंदो हॉस्पिटल से जुड़ जाएगी तो यहां के डॉक्टरों के माध्यम से अस्पताल में सोनोग्राफी सुविधा शुरू होगी। अरविंदो मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टर की सोनोग्राफी की रिपोर्ट ऑनलाईन तुरंत प्रदान करेंगे। इसके लिए ऑनलाईन एक प्रोजेक्टर भी लगाया जाएगा।
जिसके माध्यम से सोनोग्राफी के माध्यम से डॉक्टर इंदौर हॉस्पीटल से लाईव देखकर सोनोग्राफी करवाएंगे। इस सेवा के शुरू हो जाने से जिलेवासियों को सोनोग्राफी की समस्या से राहत मिल सकती है। गत दिनों अरविंदो हॉस्पिटल के संचालक डॉ विनोद भंडारी ने जिला अस्पताल बैतूल आकर व्यवस्था को देखा था। अरविंदो हॉस्पिटल की तरफ से ही बारिश के बाद मुलताई के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में कैंसर उपचार शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर को लेकर भी तैयारियां चल रही है।
इनका कहना…
जिला अस्पताल की सोनोग्राफी मशीन को ऑनलाईन निजी अस्पताल से जोड़ा जाएगा। निजी अस्पताल के डॉक्टरों के माध्यम से ऑनलाईन सोनोग्राफी होगी और रिपोर्ट भी मिलेगी। जिससे रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर की कमी को पूरा किया जाएगा। निजी अस्पताल के डॉक्टर जिला अस्पताल को सहयोग करने के लिए तैयार है।
डॉ रविकांत उईके, सीएमएचओ, बैतूल





