Betul News: रसोई गैस के लिए मारामारी, टंकियों को लेकर उपभोक्ता परेशान

गैस एजेंसियों के सामने लंबी कतारें, बुकिंग नहीं होने से बढ़ी चिंता

Betul News: बैतूल। जिले में इन दिनों रसोई गैस को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए लोगों को गैस एजेंसियों के सामने लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि कई उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग तक नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों में चिंता और असमंजस का माहौल बना हुआ है।

शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों के बाहर प्रतिदिन सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ देखी जा रही है। गैस सिलेंडर लेने पहुंचे लोगों का कहना है कि कई बार प्रयास करने के बावजूद बुकिंग नहीं हो रही है। कुछ उपभोक्ताओं को एजेंसी पहुंचकर भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। जैसे ही गैस से भरी गाड़ी एजेंसी पर पहुंचती है, कुछ ही समय में सभी सिलेंडर खत्म हो जाते हैं।

उपभोक्ताओं के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध की खबरों के कारण गैस सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इसी आशंका के चलते लोगों में गैस की कमी का डर बढ़ गया है और वे पहले से ही सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। कई लोग एहतियात के तौर पर अतिरिक्त सिलेंडर घर में रखने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे मांग अचानक बढ़ गई है।

गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि सामान्य दिनों की तुलना में इन दिनों उपभोक्ताओं की संख्या कई गुना बढ़ गई है। मांग अधिक होने के कारण वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। हालांकि आधिकारिक तौर पर गैस की सप्लाई पूरी तरह बंद नहीं हुई है, लेकिन बढ़ती भीड़ के कारण अस्थायी अव्यवस्था की स्थिति बन गई है। इधर सरकार का दावा है कि रसोई गैस की कोई वास्तविक किल्लत नहीं है और पर्याप्त मात्रा में सप्लाई जारी है।

अधिकारियों के अनुसार कुछ लोगों द्वारा गैस संकट की अफवाह फैलाए जाने से उपभोक्ताओं में घबराहट पैदा हो रही है, जिसके चलते लोग जरूरत से पहले सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही गैस बुकिंग कराएं। अनावश्यक रूप से सिलेंडर जमा करने से अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं उपभोक्ताओं ने मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके और अनावश्यक भीड़ की स्थिति समाप्त हो।

जिले में घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक, अफवाहों से बचने की अपील

जिला आपूर्ति अधिकारी श्री केके टेकाम ने कहा कि बैतूल जिले में घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा ऑयल कंपनी से आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान भू-राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ऑयल कंपनियों द्वारा एहतियातन घरेलू गैस कनेक्शन की रिफिल बुकिंग अवधि 21 दिवस के स्थान पर 25 दिवस कर दी गई है। साथ ही कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई उपलब्धता के आधार पर निरंतर जारी है। अत्यंत आवश्यक संस्थाओं चिकित्सालय, शैक्षणिक संस्थाओं में आपूर्ति निर्बाध जारी है।

गैस कनेक्शन की रिफिल बुकिंग में सर्वर की कुछ आंशिक समस्या के कारण कुछ विलंब हो रहा है। जिसका निराकरण भी ऑयल कंपनियों से सतत समन्वय कर दुरूस्त किया जा रहा है। इसके अलावा होटल, रेस्टोरेन्ट, उद्योग संस्थानों को ईंधन के रूप में एलपीजी के अतिरिक्त अन्य ईंधन के विकल्प के उपयोग के लिए भी समझाइश दी जा रही है। जिससे कि होटल, रेस्टारेन्ट, उद्योग संस्थान भी सुचारू रूप से संचालित रहे।

अनुभाग स्तर पर अनुविभागीय दण्डाधिकारी के नेतृत्व में तहसीलदार, पुलिस थाना प्रभारी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी का दल गठित कर एलपीजी के उपयोग एवं सप्लाई पर सतत निगरानी करायी जा रही है। जिले में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति को लेकर किसी भी तरह की कमी या आपात जैसी स्थिति नहीं है। आमजनों से अपील की है कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यम से अफवाह जनक जानकारी से भ्रमित न हो।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button