Betul Ki Khabar: जल्द बदलेगी चौपाटी की सूरत, टीन शेड लगाने का काम शुरू

महानगरों की तर्ज पर चौपाटी को संवारने का काम शुरू
Betul Ki Khabar: बैतूल। शहर के नेहरू पार्क के पास स्थित चौपाटी की सूरत जल्द ही बदलने वाली है। महानगरों की तर्ज पर इसे विकसित करने की योजना पर काम शुरू हो गया है। नगरपालिका द्वारा चौपाटी को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। यहां कुल 120 दुकानों का निर्माण किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र शहरवासियों के लिए एक बेहतर फूड और मनोरंजन जोन के रूप में विकसित होगा।
नगरपालिका ने पुलिस ग्राउंड की ओर बनी दुकानों की चाल में टीन शेड लगाने का काम शुरू कर दिया है। पहले यहां टीन शेड नहीं होने के कारण दुकानदार पाल और पर्दों के सहारे अपनी दुकानों का संचालन कर रहे थे। बारिश और धूप के कारण दुकानदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब स्थायी टीन शेड लगाए जाने से दुकानदारों को राहत मिलेगी और दुकानों को भी व्यवस्थित रूप मिलेगा।
शेड निर्माण का कार्य शुरू
टीन शेड लगाने के लिए गड्ढे खोदने का काम शुरू कर दिया गया है और लोहे के पाइप खड़े किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और संभावना जताई जा रही है कि यह काम जल्द ही पूरा हो जाएगा। नेहरू पार्क की ओर बनी दुकानों में भी दोबारा टीन शेड लगाया जाएगा, ताकि पूरे चौपाटी क्षेत्र को एक समान और आकर्षक स्वरूप दिया जा सके।
बैठने की रहेगी बेहतर सुविधा
चौपाटी को केवल दुकानों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि यहां आने वाले लोगों के लिए बैठने की बेहतर व्यवस्था भी की जाएगी। परिवार और युवाओं के बैठने के लिए अलग से स्थान तैयार किया जाएगा। इसके अलावा वाहनों की पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था बनाई जाएगी, ताकि चौपाटी पर आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रत्येक दुकान को दिया जाएगा नाम
चौपाटी में बनने वाली सभी दुकानों को अलग-अलग नाम दिए जाएंगे। दुकानों के सामने आकर्षक नाम-पट्ट लगाए जाएंगे, जो रात के समय भी स्पष्ट रूप से दिखाई देंगे। इन बोर्डों की व्यवस्था नगरपालिका द्वारा की जाएगी। दुकानदार अपनी पसंद के अनुसार दुकानों के नाम रख सकेंगे और दुकानों को क्रमांक भी दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से चौपाटी को नया और आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। आने वाले समय में यह चौपाटी शहरवासियों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बन सकती है और यहां लोगों की आवाजाही भी बढ़ने की संभावना है।




