Betul News : गुवाड़ी में बाघ और चीते का आतंक, घर से निकलने से भी भयभीत

गाय, भैंस और बकरियों का कर चुके शिकार, वन विभाग नहीं दिख रहा गंभीर

Betul News : बैतूल। शाहपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत गुवाड़ी में बाघ और चीते की बढ़ती गतिविधियों ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से गुवाड़ी, छिमड़ी और डेंडूपुरा के जंगलों में इन वन्य प्राणियों की लगातार मूवमेंट देखी जा रही है। बाघ और चीते अब तक कई गाय, बेल, भैंस और बकरियों का शिकार कर चुके हैं, जिससे ग्रामीणों और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। वन विभाग द्वारा इस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग को भी इसकी सूचना दी है, लेकिन कोई एक्शन नहीं हुआ। ग्रामीणों को शिकायत लेकर जनसुनवाई में आना पड़ा

ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। रबी फसल की सिंचाई के लिए किसानों को रात में खेतों तक जाना पड़ता है, लेकिन बाघ-चीते के हमले का डर हर समय बना रहता है। हालात ये हो गए हैं कि महिलाएं और बुजुर्ग रात में घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। मंगलवार को परेशान ग्रामीण बड़ी संख्या में जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर के समक्ष ज्ञापन सौंपकर वन विभाग से तुरंत कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि बीते दिनों से लगातार मवेशी मारे जा रहे हैं। कई किसानों की आजीविका मवेशियों पर निर्भर है, ऐसे में शिकार की घटनाओं से आर्थिक नुकसान भी गहराता जा रहा है।

ग्राम पंचायत गुवाड़ी के सरपंच, पंच और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से एक प्रस्ताव तैयार कर कलेक्टर को सौंपा है। प्रस्ताव में मांग की गई है कि बाघ और चीते को तत्काल पकड़कर सुरक्षित रूप से घने जंगलों में छोड़ा जाए, ताकि गांववासियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते वन विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं की गई, तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।

ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, कैमरा ट्रैप लगाने और मवेशियों के लिए मुआवजा प्रक्रिया को सरल बनाने की भी मांग की है। वन्य प्राणियों के आतंक से उत्पन्न भय और नुकसान को देखते हुए ग्रामीण अब त्वरित समाधान की अपेक्षा कर रहे हैं।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button