Betul News: सीएम 19 को बैतूल आएंगे, प्रशासनिक अमला तैयारियां में जुटा

Betul News: CM will come to Betul on 19th, administrative staff busy in preparations

करोड़ों के शिलान्यास और भूमिपूजन भी होंगे, जिले को मिल सकती है बड़ी सौगात

Betul News: बैतूल। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आगामी 19 दिसंबर को बैतूल आ रहे हैं। रविवार शाम को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय होते ही प्रशासन के अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित टीएल में भी कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियों में जुट जाने के निर्देश दिए हैं। जिन विभागों में पेंडेंसी बढ़ी है, इसे अगली टीएल बैठक के पूर्व पूरा करने का फरमान भी जारी किया है। खबर है कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बैतूल के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित आमसभा में करोड़ों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास और भूमिपूजन करेंगे। इसके लिए प्रशासन ने सूची बनाना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि सीएम बैतूल को बड़ी सौगात भी दे सकते हैं। बैतूल के विधायक हेमंत खंडेलवाल खुद ने मुख्यमंत्री का कार्यक्रम फाइनल करवाकर अधिकारियों को तैयारी में जुटने के लिए कहा है।

डॉ मोहन यादव को मुख्यमंत्री बने लगभग एक वर्ष का समय बीत गया है। इस दौरान वे चार मर्तबा बैतूल प्रवास पर आए है। इसमें अधिकांश दौरे चुनावी रैली से जुड़े थे। पिछली बार वे लोकसभा चुनाव के दौरान दुर्गादास उइके के नामांकन दाखिल करने के मौके पर आए थे। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में एक सभा को संबोधित किया था। इसके बाद वे मुलताई में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए। कुछ माह पहले भैंसदेही में सीएम ने सभा लेकर कई सौगात दी थी । एक वर्ष में जिले में सीएम डॉ यादव का यह पांचवां दौरा है, लिहाज से सभी को मुख्यमंत्री के दौरे का इंतजार है।

शिलान्यास- भूमिपूजन कार्यक्रमों की सूची हो रही तैयार

प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि प्रदेश के मुखिया का 19 दिसंबर को दौरा कार्यक्रम तय होते ही तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में एक आमसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल समेत पांचों विधायक हेमंत खंडेलवाल, डॉ योगेश पंडाग्रे, चंद्रशेखर देशमुख, महेंद्र सिंह चौहान, गंगा उइके भी मौजूद रहेंगे। इसी वजह प्रशासनिक अधिकारी जनप्रतिनिधियों से तालमेल स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्र में तैयार हो चुके शासकीय भवनों की जानकारी जुटा रहे हैं। इसके अलावा पूर्व में की गई बड़ी घोषणाओं के लिए भी मुख्यमंत्री के हस्ते मंच से ही भूमिपूजन करने की तैयारी की जा रही है। अगले कुछ दिनों में मुख्यमंत्री के हाथों होने वाले लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रमों की सूची तैयार हो जाएगी।

हेमंत करा सकते हैं जिले के लिए बड़ी घोषणा!

जानकार सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री का बैतूल दौरे का कार्यक्रम पिछले कई मर्तबा से टलता जा रहा है। चूंकि सीएम गत माह एक सप्ताह के लिए विदेश दौरे पर गए थे। इसके बाद नर्मदापुरम में कान्क्लेव की तैयारी में जुटने के कारण कार्यक्रम टलता रहा, लेकिन सीएम के काफी करीबी और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने सीएम से 19 दिसंबर का कार्यक्रम तय कराया है। सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री से करीबी संबंध की वजह से विधायक हेमंत खंडेलवाल शिलान्यास और भूमिपूजन कार्यक्रम के अलावा कोई बड़ी घोषणा भी करा सकते हैं। इसमें मेडिकल कालेज के लिए भूमिपूजन भी शामिल होना बताया जा रहा है। चूंकि खंडेलवाल इस समय केंद्रीय मंत्री उइके समेत पांचों विधायकों से समन्वय स्थापित कर राज्यसभा सांसदों से करोड़ों रुपए की राशि स्वीकृत करा चुके हैं। यही वजह है कि सीएम के 19 दिसंबर को बैतूल आगमन पर बड़ी घोषणा भी करवाई जा सकती है। यदि ऐसा हुआ तो यह जिले के लिए मिल का पत्थर साबित हो सकता है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button