Betul News: वीडियो : चिचोली थाना क्षेत्र में 5 वर्षों से संचालित जुए का फड़, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

Betul News: बैतूल। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन चिचोली थाना क्षेत्र के डोरली बाटा स्थित सौतखेड़ा के समीप पिछले करीब पांच वर्षों से जुए का अवैध फड़ संचालित होने की चर्चाएं सामने आ रही हैं। ताश के 52 पत्तों पर हार-जीत का यह खेल निरंतर जारी रहने से स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
‘महाराज’ और ‘गब्बू’ का वर्चस्व
स्थानीय सूत्रों के अनुसार इस फड़ के संचालन में महाराज और गब्बू नामक व्यक्तियों की प्रमुख भूमिका बताई जा रही है। क्षेत्र में चर्चा है कि इनके प्रभाव के चलते यह अवैध गतिविधि निर्बाध रूप से संचालित हो रही है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं, जहां लाखों रुपये तक के दांव लगाए जाने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि इतने लंबे समय से संचालित हो रहे इस जुए के फड़ की जानकारी स्थानीय पुलिस को नहीं होना आश्चर्य का विषय है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती, तो इस प्रकार की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता था। लगातार कार्रवाई न होने से पुलिस की भूमिका को लेकर संदेह व्यक्त किया जा रहा है।
एसपी से कार्रवाई की उम्मीद
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें जिला पुलिस अधीक्षक पर टिकी हैं। जनचर्चा है कि यदि जिला स्तर पर विशेष टीम गठित कर जांच कराई जाए तो पूरे मामले का खुलासा हो सकता है। फिलहाल देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और अवैध गतिविधियों पर किस प्रकार अंकुश लगाया जाता है।




