Betul News: गांठ के ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत

परिजनों का हंगामा, पूजा अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, जांच के लिए डॉक्टरों की टीम गठित
Betul News: बैतूल। शहर के गंज क्षेत्र स्थित पूजा अस्पताल में गांठ के ऑपरेशन के दौरान 57 वर्षीय महिला की मौत होने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए तीन सदस्यीय डॉक्टरों की टीम गठित की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आमला निवासी कल्याणी पति राजेंद्र नायडू (57) एयरफोर्स में सफाई का काम करती थी। महिला के हाथ के पास गांठ बनी थी। उपचार के लिए उन्हें पूजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। परिजनों के मुताबिक करीब दो घंटे तक ऑपरेशन चला, जिसके दौरान ही महिला की मौत हो गई।
मृतका के बेटे राजेश नायडू ने आरोप लगाया कि उनकी मां को पहले से शुगर और ब्लड प्रेशर की समस्या थी और यह नियंत्रित नहीं था। इसके बावजूद डॉक्टरों ने जल्दबाजी में ऑपरेशन कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिला की मौत अस्पताल में ही हो गई थी, लेकिन डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर बताकर दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन महिला को राठी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फाइल देने से किया इनकार, अतिरिक्त पैसे की मांग का आरोप
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने उपचार से संबंधित दस्तावेज और फाइल मांगी तो अस्पताल प्रबंधन ने फाइल देने से इंकार कर दिया और पहले अतिरिक्त राशि जमा करने की बात कही। परिजनों के अनुसार ऑपरेशन के लिए पहले ही 14,500 रुपए जमा किए जा चुके थे, इसके बावजूद डॉक्टरों द्वारा 8 हजार और मांगे जा रहे थे।
थाने में शिकायत, पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगा मौत का कारण
मामले में परिजनों ने कोतवाली थाना बैतूल में शिकायत दर्ज कर डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने बताया कि महिला की मौत के मामले की जांच डॉक्टरों की टीम द्वारा कराई जाएगी।
वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार हुरमाड़े ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इनका कहना….
– हमारे पास अभी लिखित आवेदन नहीं आया है। जिला अस्पताल में महिला का पोस्टमार्टम डॉक्टरों की टीम द्वारा किया जाएगा। लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ.मनोज हुरमाड़े, सीएमएचओ बैतूल
पूजा अस्पताल में आपरेशन के दौरान महिला की मौत होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने कार्रवाई की मांग की है। इस मामले की डॉक्टरों की टीम द्वारा जांच की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाते हैं तो कार्रवाई करेंगे।
देवकरण डेहरिया , थाना प्रभारी, कोतवाली बैतूल




