Betul Ki Khabar: पुरानी चोरियों का खुलासा नहीं दूसरी बार दुकान में सेंधमारी
Betul Ki Khabar: Old thefts not disclosed, shop burglarized for the second time

जिले में चोरों के आगे पुलिस नतमस्तक, दो दर्जन चोरियों का आज तक खुलास नहीं
Betul Ki Khabar: बैतूल। पिछले कुछ महीनों से शहर सहित पूरा जिला मानो चोरों के हवाले कर दिया गया है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। शहर के भीतर ही मात्र एक सप्ताह के भीतर चोरी की पांचवीं वारदात होने से पुलिस के सामने चोरों ने एक के बाद एक चुनौती खड़ी कर दी है। बीती रात कोठीबाजार क्षेत्र का कपड़ा व्यापारी पदम सुराणा महज दो माह के भीतर ही दूसरी बार चोरों के निशाने पर आ गया। 21 मई को चोरों ने इसी दुकान में घुसकर 10 लाख रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया था।
इस चोरी का पुलिस अभी सुराग तक नहीं लगा पाई है कि बुधवार रात चोरों ने फिर इसी दुकान को निशाना बना लिया। बताया जा रहा है कि चोरों ने इस बार भी करीब 15 हजार रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। गौरतलब है कि एक सप्ताह पूर्व भी गंज क्षेत्र में चोरों ने मेडिकल एजेंसी सहित चार दुकानों के ताले तोड़कर नकदी पार कर ली थी। इन चोरियों का सुराग लगाने में भी पुलिस अभी तक नाकाम है और अब कोठीबाजार में चोरी होने से व्यापारी आकोशित है।
व्यापारी को दो चोरियों में 10 लाख का फटका
अरिहंत टेक्सटाइल्स के संचालक पदम् सुराणा ने बताया कि बीती रात चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से से दुकान में प्रवेश किया और ड्राज में रखे 12 हजार और पर्स में अलग रखे 3 हजार रुपए चोरी कर लिए सीसीटीवी में कुछ सन्दिग्ध नजर भी आ रहे हैं। दो माह पहले भी दुकान में इसी तरह चोरी की घटना को अंजाम दिया जा चुका है। चोरों ने दुकान में रखे करीब 10 लाख 20 हजार रुपए चोरी कर लिए, लेकिन इस चोरी का पता अभी तक नहीं चल पाया है और चोरों ने फिर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
दोनों चोरी में करीब 10 लाख 35 हजार रुपए का नुकसान हो चुका है। इस घटना के बाद व्यापारियों में भी आक्रोश पनपता जा रहा है। पुलिस पूर्व की चोरी का खुलासा नहीं कर पाई और दूसरी बार दुकान में सेंधमारी से व्यापारी को आर्थिक नुकसान का भी सामना करना पड़ा है।
जिले की अन्य चोरियों का खुलासा नहीं
जानकारी मिली है कि पिछले एक माह के भीतर ही भैसदेही में 8, आठनेर में 3 और बैतूल में 6 चोरी की वारदात और चोरी के प्रयास हो चुके हैं। खास बात यह है कि इन सत्रह चोरियों का खुलासा करने में अभी तक पुलिस नाकाम साबित हुई है। यदि अन्य थानों से जानकारी ले तो यह संख्या बढ़कर आधा सैकड़ा पर पहुंच जाएगी। बीते दिनों आमला थाना क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में घर के सामने खड़ी ट्राली को चोर आसानी से ट्रेक्टर के सहारे लेकर रफ्फू चक्कर हो गए। इसका आज तक सुराग नहीं लगा। यह तो महज एक उदाहरण है। चोरी की कई वारदातों का खुलासा पुलिस ने नहीं किया है।
इनका कहना..
चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। कई चोरियों के खुलासे भी हुए है। इन घटनाओं को लेकर भी अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्रवाई किए जाने की निर्देश दिए हैं।
निश्चल एन झारिया एसपी बैतूल




