Betul Samachar: बैतूल शहर में एमडी ड्रग्स की दस्तक, युवाओं के भविष्य पर मंडराया खतरा

Betul Samachar: बैतूल। शांत और धार्मिक पहचान वाले बैतूल शहर में अब खतरनाक नशे एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) की दस्तक ने चिंता बढ़ा दी है। सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के अनुसार शहर में एमडी ड्रग्स की सप्लाई तेजी से बढ़ रही है, जिसका सीधा असर युवाओं पर दिखाई देने लगा है। नशे की हालत में बाइक चलाते हुए युवक हादसों का शिकार हो रहे हैं, जिससे सड़क सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक हालात भी बिगड़ते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि एमडी ड्रग्स की सप्लाई इंदौर और हरदा के रास्ते बैतूल शहर तक पहुंच रही है। तस्कर बेहद शातिर तरीके अपना रहे हैं। यात्री बसों के माध्यम से पैकिंग पार्सल के रूप में ड्रग्स भेजी जा रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि इन पार्सलों में क्या है, इसकी जानकारी न तो बस ड्राइवरों को होती है और न ही कंडक्टरों या बस संचालकों को। सामान्य सामान या कपड़ों के पैकेट की आड़ में यह खतरनाक नशा शहर तक पहुंचाया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक एमडी ड्रग्स की बिक्री बेहद सूक्ष्म मात्रा में की जा रही है। गेहूं के दाने के बराबर एमडी ड्रग्स 2 से 3 हजार रुपये में बेची जा रही है। कम मात्रा में भी यह नशा अत्यंत घातक माना जाता है, क्योंकि इसका असर सीधे दिमाग पर पड़ता है। नशे के बाद व्यक्ति खुद पर नियंत्रण खो देता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। शहर में कई युवाओं के नशे की गिरफ्त में आने की खबरें सामने आ रही हैं। परिजन भी बच्चों के बदले व्यवहार को लेकर चिंतित हैं, लेकिन समाज में बदनामी के डर से खुलकर सामने नहीं आ पा रहे।

जानकारों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में स्थिति और भयावह हो सकती है। हालांकि पुलिस अधिकारी इस मामले को गम्भीरता से लिए जाने का आश्वासन जरूर दे रहे हैं। सम्भव है कि आने वाले समय मे पुलिस नेटवर्क का खुलासा कर दे। जो भी है लेकिन ड्रग्स के बढ़ते नेटवर्क को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के लिए यह गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। जरूरत है कि बस स्टैंड, यात्री बसों और पार्सल व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जाए। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जाएं। तभी बैतूल को इस खतरनाक नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सकता है।

इनका कहना…….

जानकारी गम्भीर है, इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से चर्चा कर निगरानी बढ़ाई जाएगी, और जानकारी जुटा कर कार्यवाही करेंगे।

कमला जोशी ,एसपी बैतूल  

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button