Betul Basement News : तलघरों में धड़ल्ले से चल रहा व्यवसाय, आंख बंद कर बैठी नपा
कुछ माह पहले 15 से 20 लोगों को नपा ने थमाएं थे नोटिस

Betul Basement News : बैतूल। नगरपालिका क्षेत्र में भवनों के तलघरों (बेसमेंट) का नियमों के विपरीत व्यवसायिक उपयोग लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में असफल नजर आ रहा है। कुछ माह पहले नगरपालिका द्वारा नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उसके बाद कार्रवाई लगभग ठंडे बस्ते में चली गई। नपा के इस ढुलमुल रवैए के कारण शहर में तलघरों में व्यवसाय करने वालों के हौसले बुलंद हैं और नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार कोठीबाजार, गंज और सदर जैसे प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्रों में कई भवनों के तलघर का उपयोग दुकानों, गोदाम, वाहन सर्विस सेंटर, किराना स्टोर और अन्य व्यवसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। जबकि भवन निर्माण नियमों के अनुसार तलघर का उपयोग मुख्य रूप से पार्किंग या स्टोरेज जैसे सीमित उपयोग के लिए ही किया जा सकता है। तलघर में व्यवसायिक गतिविधियां संचालित करने के लिए नगरपालिका से विशेष अनुमति आवश्यक होती है, लेकिन अधिकांश मामलों में बिना अनुमति ही व्यवसाय संचालित किए जा रहे हैं।
नोटिस जारी किए पर कार्रवाई नहीं
सूत्रों के अनुसार नगरपालिका ने कुछ समय पहले बेसमेंट का व्यवसायिक उपयोग किए जाने को लेकर करीब 15 से 20 व्यवसायियों को नोटिस जारी किए थे। शुरुआत में एक-दो मामलों में कार्रवाई की गई, लेकिन बाद में यह अभियान धीमा पड़ गया। इसके बाद से कई व्यापारियों ने बिना किसी डर के तलघरों में व्यवसाय शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नोटिस जारी करने के बाद भी यदि कार्रवाई नहीं होती है तो इससे नियमों की गंभीरता खत्म हो जाती है।
कई के पास फायर एनओसी तक नहीं
तलघरों में व्यवसाय करना सुरक्षा की दृष्टि से भी काफी जोखिम भरा माना जाता है। कई स्थानों पर पहले आगजनी और शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। तलघर में हवा और प्रकाश की कमी, संकरी जगह और सीमित निकास मार्ग होने के कारण हादसे की स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो जाता है। आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड और राहत टीम को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा कई भवन संचालकों ने अब तक फायर एनओसी तक नहीं ली है। भवन निर्माण के बाद फायर सेफ्टी उपकरण लगाना और फायर विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य होता है। इसके बावजूद कई भवनों में फायर सेफ्टी उपकरण अधूरे या अनुपस्थित हैं।
यह स्थिति भविष्य में बड़े हादसे का कारण बन सकती है। शहर के नागरिकों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगरपालिका को सख्त कदम उठाने की जरूरत है। नियमित निरीक्षण, अवैध व्यवसाय पर जुर्माना और आवश्यक होने पर सीलिंग जैसी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
इनका कहना……
नगरपालिका ने तलघरों का उपयोग करने वालों के खिलाफ कुछ माह पहले कार्रवाई की थी। समय समय पर यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कई लोगों नोटिस जारी किए हैं।
नगेंद्र वागद्रे, सब इंजीनियर, नपा बैतूल




