Betul Me Tendua : एसटीआर टीम ने तेंदुए को किया सुरक्षित रेस्क्यू, बच्चे को किया था घायल

Betul Me Tendua : शाहपुर : (आशीष राठौर) बैतूल जिले के उत्तर वन मंडल के भौंरा क्षेत्र में आतंक का पर्याय बन चुके तेंदुए को आखिरकार एसटीआर की टीम ने 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित पकड़ लिया है। तेंदुए को पकड़ने के बाद एसटीआर की टीम उसे लेकर रवाना हो गई, जिसके चलते भौंरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

गौरतलब है कि बीते शुक्रवार की शाम चार वर्षीय आर्यन अपने पिता अनिल के साथ शौच के लिए निकला था। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक आर्यन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी गर्दन में नाखून लगने से गहरे घाव बन गए थे। घायल आर्यन को पहले बैतूल जिला अस्पताल और फिर भोपाल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज फिलहाल जारी है।

इस तेंदुए को कुछ महीने पहले पिपरिया क्षेत्र से पकड़ा गया था, उस समय यह छोटा शावक था। जंगल में खुद को सैटल न कर पाने के कारण यह पिछले तीन महीनों से भौंरा क्षेत्र के आसपास घूम रहा था और लोगों में दहशत फैला रहा था। इसी दहशत के चलते यह घटना भी हुई।

तेंदुए को पकड़ने के लिए एसटीआर की विशेष टीम, डॉक्टर्स की टीम और भौंरा वन अमले की मौजूदगी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इससे पहले दो बार प्रयास असफल रहे, लेकिन इस बार प्रशिक्षित हाथियों और डॉक्टर्स की कड़ी निगरानी में तेंदुए को ट्रेंक्यूलाइज कर सुरक्षित पकड़ लिया गया।

फिलहाल तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा है। वहीं, इस सफल रेस्क्यू के बाद भौंरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत महसूस की है और वन विभाग की टीम का आभार जताया है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button