Betul Samachar: उपसंचालक की ताकीद- पानी सप्लाई की नियमित निगरानी हो

इंदौर मामले के बाद निकाय के अधिकारी निरीक्षण करने बैतूल पहुंचे
Betul Samachar: बैतूल। आर्थिक राजधानी इंदौर में दूषित पानी पीने से करीब दो दर्जन लोगों की मौत के बाद पूरे प्रदेश में हड़कंप मचा हुआ है। इंदौर की घटना से सबक लेते हुए सभी निकायों में पानी की टंकियों और टेस्टिंग लैब के जरिए पानी की गुणवत्ता देखी जा रही है। इस बीच भोपाल से नगरीय आवास एवं विकास विभाग के उपसंचालक ओपी झा बैतूल पहुंचे।
उन्होंने नपा के अधिकारियों के साथ बैतूल में करीब आधा दर्जन से अधिक टंकियों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। कुछ दिन पहले ही नगरपालिका ने सांझवीर की खबर के बाद ताबड़तोड़ पाइप लाइन के लीकेज और टंकियों की सफाई की थी। इसी वजह करीब एक दर्जन टंकियों में से अधिक की सफाई का काम हो चुका था। उप संचालक ने टंकियों का निरीक्षण करने के बाद हिदायत दी कि इसे पूरी तरह से बंद किया जाए, ताकि अशुद्धि अंदर न जाए।
फिल्टर प्लांट भी पहुंचे निरीक्षण करने
इस बीच उपसंचालक ओपी झा ने पानी की टेस्टिंग लैब और फिल्टर प्लांट का भी सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने माचना डैम से आने वाले पानी और इसे फिल्टर करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। इस दौरान असुविधाओं से बचने के लिए उन्होंने पानी की टेस्टिंग प्रक्रिया के लिए नपा के अधिकारियों से जानकारी ली।
इसके बाद नपा में एक बैठक लेकर उन्होंने निर्देश दिए कि पाइप लाइन लीकेज होने की शिकायत मिलते ही इसे तत्काल दुरुस्त किया जाए। खासकर बारिश के पहले सीवरेज का पानी वाल्व के नजदीक से बहे तो इसे दूसरे स्थान पर शिफ्ट करें। झा ने पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए अधिकारियों को नियमित रूप से निरीक्षण के भी निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ सतीष मटसेनिया, उपयंत्री धीरेंद्र राठौर, नगेंद्र वागद्रे समेत जल शाखा के कर्मचारी भी मौजूद रहे।




