Betul Samachar: 40 वनकर्मियों की टीम को चकमा दे रहा तेंदुआ
शाहपुर-भौरा रेंज में लगातार मूवमेंट, पिंजरे अब तक खाली

Betul Samachar: बैतूल। शाहपुर-भौंरा वन रेंज में तेंदुए की सक्रियता से वन विभाग और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। बीते कई दिनों से तेंदुआ लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है और 40 से अधिक वनकर्मियों की टीम को चकमा देता आ रहा है। तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाए पिंजरे अब तक खाली पड़े हैं, जिससे अभियान और चुनौतीपूर्ण हो गया है।
वन विभाग के अनुसार तेंदुए का मूवमेंट भौंरा रेंज के जंगलों के साथ-साथ सीमावर्ती गांवों के आसपास भी देखा गया है। रात के समय खेतों और नालों के पास तेंदुए के पैरों के निशान मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। एहतियातन विभाग ने मुनादी कराकर लोगों को रात में अकेले बाहर न निकलने, बच्चों और मवेशियों की निगरानी रखने की सलाह दी है। तेंदुए की लोकेशन ट्रैक करने के लिए कैमरा ट्रैप लगाए हैं और गश्त बढ़ा दी है। जानकारी मिली है कि ड्रोन सर्वे और थर्मल कैमरे जैसे विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक तेंदुआ अत्यंत सतर्क है और पिंजरों के आसपास आने से बच रहा है, जिससे उसे ट्रैप करना मुश्किल हो रहा है। वन विभाग का कहना है कि टीम 24 घंटे अलर्ट मोड पर है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि तेंदुआ रिहायशी इलाके की ओर बढ़ता है तो तत्काल रेस्क्यू की रणनीति बदली जाएगी।
फिलहाल किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन ग्रामीणों से संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है। वन विभाग ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़कर उपयुक्त जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा, ताकि इंसान और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इनका कहना….
वन्य जीव और ग्रामीणों दोनो की सुरक्षा विभाग की पहली प्राथमिकता है। तेंदुआ कैमरे में तो आ रहा लेकिन पिंजरों से दूरी बना रहा है। जंगलों में सर्चिंग कराई जा रही है।
बृजेन्द्र तिवारी ,आरओ ,भौंरा परिक्षेत्र उत्तर वनमंडल बैतूल




