Betul Hospital News: जिला अस्पताल में नवजात भ्रूण मिलने से मचा हड़कंप

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी कैमरों की खंगाल रही फुटेज
Betul Hospital News: बैतूल। जिला चिकित्सालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल के शौचालय में एक नवजात का भू्रण मिलने की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल कोतवाली पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 2 जनवरी की शाम की बताई जा रही है। जिला अस्पताल के शौचालय में मौजूद लोगों की नजर जब नवजात भू्रण पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन को दी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की और भ्रण को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ कर दी।
प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गर्भ को छिपाने के उद्देश्य से नवजात भू्रण को अस्पताल परिसर में फेंका गया है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले ठोस साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 94 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नवजात को इस तरह से फेंकना गंभीर और दंडनीय अपराध है, जिसे किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
नवजात भू्रण को किसने और कब अस्पताल परिसर में फेंका, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जिला अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही पुलिस अस्पताल प्रशासन से सहयोग लेकर उस दिन इलाज के लिए अस्पताल आए मरीजों और उनके परिजनों की जानकारी भी एकत्र कर रही है। पुलिस का दावा है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले को संवेदनशीलता और गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटे हुए हैं।




