Betul Samachar: नए वर्ष पर जिला अस्पताल में गूंजी 24 किलकारियां

नन्हें मेहमानों के आने से दोगुनी हुई खुशियां, परिजन भी खासे खुश
Betul Samachar: बैतूल। नए वर्ष 2026 के आगमन के साथ ही जिलेभर में जश्न और उल्लास का माहौल देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं, आतिशबाजी की और नए संकल्पों के साथ साल की शुरुआत की। इसी बीच कई परिवारों के लिए यह नया साल खास सौगात लेकर आया। जिले के 24 घरों में नन्हें मेहमानों के आगमन से खुशियां दोगुनी हो गईं और नए साल की शुरुआत किलकारियों के साथ हुई। जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल बैतूल में 31 दिसंबर की रात 12 बजे से लेकर 1 जनवरी की रात 12 बजे तक कुल 24 बच्चों का जन्म हुआ। इनमें 14 नवजात लड़के और 10 नवजात लड़कियां शामिल हैं।
नए वर्ष के पहले ही दिन इतनी बड़ी संख्या में बच्चों का जन्म होना अस्पताल स्टाफ और परिजनों दोनों के लिए खुशी का कारण बना। प्रसूति वार्ड में दिनभर चहल-पहल और उत्सव जैसा माहौल नजर आया। नवजात शिशुओं के परिजनों ने इसे नए साल का सबसे बड़ा तोहफा बताया। कई परिवारों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी साझा की और अस्पताल स्टाफ का आभार जताया। परिजनों का कहना था कि नए साल के पहले दिन बच्चे का जन्म होना अपने आप में शुभ संकेत है और वे इसे ईश्वर का आशीर्वाद मानते हैं। कुछ परिजनों ने तो बच्चों के नाम भी नए साल से प्रेरित रखे।
जिला अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने बताया कि अधिकतर प्रसव सामान्य और सुरक्षित रहे। 5 से 6 ऑपरेशन की सीजर हुए है। नवजात शिशु और माताएं दोनों स्वस्थ हैं। अस्पताल प्रशासन ने यह भी बताया कि प्रसूति सेवाओं को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से की गई थीं, ताकि नए साल की रात किसी भी तरह की परेशानी न हो। स्टाफ ने पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई।
अस्पताल परिसर में जहां एक ओर नए साल की शुभकामनाएं गूंज रही थीं, वहीं दूसरी ओर नन्हे कदमों के आगमन से माहौल और भी खुशनुमा हो गया। नए साल की शुरुआत किलकारियों के साथ होना जिले के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि 2026 की यह पहली सुबह उम्मीदों, खुशियों और नए जीवन के संदेश के साथ आई है, जो पूरे साल सकारात्मकता का संचार करेगी।




