Betul Ki Khabar: ड्रेनेज के काम में आई तेजी, पार्षद बना पेटी कांट्रेक्टर

स्थानीय नागरिकों ने ली राहत की सांस, जल्द मिलेगी समस्याओं से निजात

Betul Ki Khabar: बैतूल। थाना रोड पर पिछले दो माह से चल रहे ड्रेनेज निर्माण कार्य में अब तेजी देखने को मिल रही है। लंबे समय से धीमी गति से चल रहे इस कार्य को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी थी, लेकिन अब हालात बदलते नजर आ रहे हैं। ठेकेदार द्वारा वार्ड के ही पार्षद नफीस खान को पेटी कांट्रेक्टर के रूप में जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद काम ने रफ्तार पकड़ ली है।

पार्षद के जिम्मा संभालते ही निर्माण कार्य में तेजी आई है। वर्तमान में 100 मीटर के दायरे में कॉटन वॉल खड़ी कर स्लैब डालने की तैयारी शुरू हो चुकी है। इस हिस्से में स्लैब डलने के बाद आगे की खुदाई और निर्माण कार्य किया जाएगा। इससे सड़क के एक बड़े हिस्से में आवागमन बहाल हो सकेगा और लोगों को काफी हद तक राहत मिलेगी।

गड्ढें खुदे होने से हो रही थी परेशानी

ज्ञात हो कि ड्रेनेज निर्माण के कारण सड़क के दोनों ओर घरों और दुकानों के सामने गहरे गड्ढे खुदे थे। इससे दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा था और स्थानीय रहवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क किनारे निर्माण सामग्री फैली होने से यातायात भी बाधित था।

यहां तक कि सप्ताह में दो दिन लगने वाला सब्जी बाजार भी अव्यवस्थित हो गया था, इससे सब्जी विक्रेताओं और ग्राहकों दोनों को दिक्कतें हो रही थीं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि यही गति बनी रही तो आने वाले कुछ ही दिनों में स्थिति काफी हद तक सामान्य हो जाएगी। प्रमुख ठेकेदार के सुपरवाइजर बीपी सिंह ने बताया कि 100 मीटर के हिस्से में स्लैब डालने के बाद आगे के हिस्से में खुदाई का काम शुरू किया जाएगा।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button