Betul News: Video : शाहपुर में किसानों का फूटा गुस्सा,MSP,खाद संकट और आर्थिक बदहाली पर SDM ऑफिस में जोरदार हंगामा
Betul News: Farmers' anger erupted in Shahpur, creating ruckus in SDM office over MSP, fertilizer crisis and economic plight.

Betul News: शाहपुर: बैतूल जिले के शाहपुर में आज किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। आर्थिक संकट, प्राकृतिक आपदा,खाद की किल्लत और फसल के उचित दाम न मिलने से परेशान किसानों ने कांग्रेस नेताओं के साथ SDM कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। SDM कार्यालय के गेट पर पुलिस ने किसानों और कांग्रेसियों को रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ। भारी विरोध के बाद अंततः गेट खुलवाया गया और कांग्रेस नेताओं ने किसानों की ओर से राष्ट्रपति के नाम SDM को ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने आरोप लगाया कि वे मक्का 10 से 13 रुपए प्रति किलो बेचने को मजबूर हैं, जबकि चुनाव के दौरान सरकार ने MSP 2400 रुपए देने का वादा किया था। लेकिन यह वादा कागज़ों में ही सिमट गया और सरकारी खरीदी की व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हो रही है।
किसान आज भी बिचौलियों के शोषण का शिकार बने हुए हैं। इसी तरह धान का MSP 3100 रुपए घोषित होने के बावजूद किसानों को पूरा भाव नहीं मिल रहा। खरीद केंद्रों पर अव्यवस्था हद से ज्यादा है किसान घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन भुगतान समय पर नहीं मिलता, जिससे किसानों की आर्थिक परेशानी और गहरी हो रही है। राजस्व विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए किसानों ने कहा कि राहत राशि अब भी लंबित है, कागज़ी कार्यवाही के चक्कर में किसान बेहाल हैं। खाद की उपलब्धता भी बड़ी समस्या बनी हुई है।
कहीं खाद गायब, तो कहीं वितरण में हेराफेरी हो रही है। किसानों ने महामहिम राज्यपाल से मांग की है कि मक्का और धान की सरकारी खरीदी MSP पर तुरंत शुरू की जाए,खाद की उपलब्धता सुनिश्चित हो,बिजली संकट का समाधान किया जाए और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को तुरंत राहत राशि दी जाए। शाहपुर के किसानों का कहना है कि यदि हालात ऐसे ही रहे तो खेती करना मुश्किल हो जाएगा और किसान कर्ज के बोझ तले और दबता जाएगा।




