Betul News: विधायक का अल्टीमेट बेअसर, 25 काम अभी भी अधर में

Betul News: MLA's ultimatum ineffective, 25 works still pending

नपा अध्यक्ष बोली- ठेकेदारों से खुद बात करूंगी, नहीं माने तो ब्लैकलिस्टेड मेरे हस्ताक्षर से होंगे

Betul News: बैतूल। नगरपालिका के अधिकारी ठेकेदारों को निर्माण कार्य शुरू करने के लिए नोटिस पर नोटिस भेज चुके हैं, लेकिन उन पर कोई असर नहीं हो रहा है। चौकाने वाली बात यह है कि खुद स्थानीय विधायक और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल 6 माह में दो बार ठेकेदारों की बैठक लेकर समय सीमा का ध्यान रखते हुए ठेकेदारों को समय सीमा में काम पूरे करने के लिए हिदायत दे चुके हैं। इसके बावजूद अधिकांश ठेकेदारों ने समय पर काम शुरू नहीं किया।

वार्डों में पार्षद परेशान होकर नपा अध्यक्ष और सीएमओ से गुहार लगा रहे हैं। इसके बाद नपा अध्यक्ष पार्वती बारस्कर ने शुक्रवार को सांझवीर टाईम्स से चर्चा में कहा है कि अब वे खुद ठेकेदारों को बुलाकर एक बार चर्चा करेंगी। यदि काम शुरू नहीं करते हैं तो इनको तत्काल ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा और नए सिरे से टेंडर निकालकर निर्माण कार्य शुरू कर देंगे। नपा अध्यक्ष की नाराजगी के बाद संभावना दिखाई दे रही है कि ठेकेदार फिर काम शुरू कर देंगे।

बैतूल नगरपालिका ने शहर के 33 वार्डों में सीसी, डामरीकरण समेत विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए निविदा निकली थी। इन निविदा के आधार पर ठेकेदारों ने उक्त काम लेकर इसकी शुरुआत तक नहीं की। शहर में अभी भी दो दर्जन से अधिक ऐसी सडक़ का काम शुरू नहीं हुआ है, जिनकी हालत खस्ताहाल हो गई है। ठेकेदार अपनी मनमर्जी के मालिक बन बैठे हैं। नपा ठेकेदारों को आधा दर्जन बार नोटिस दे चुकी है पर उन पर कोई असर नहंी हो रहा है।

इधर बताया जा रहा है कि नगरपालिका में क्षेत्रीय पार्षद, अध्यक्ष और सीएमओ के पास वार्ड के लोगों की नाराजगी बताकर समस्याओं से अवगत करा रहे हैं, लेकिन अध्यक्ष और सीएमओ के निर्देशों का भी ठेकेदारों पर असर नहीं हो रहा है। हालात यह है कि इन ठेकेदारों को कई नोटिस दिए जाने के बावजूद नपा को हल्के में लेकर कोई जवाब नहीं दिए गए। नतीजा यह हुआ कि पूरे शहर के निर्माण कार्य ठप पड़े हैं।

विधायक की चेतावनी बेअसर

बड़ी बात यह है कि क्षेत्रीय विधायक हेमंत खंडेलवाल ने अप्रैल- मई माह में ठेकेदारों की बैठक लेकर 30 जून तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश दिए थे, लेकिन कुछ को छोड़ दे तो अधिकांश ठेकेदारों ने काम या तो शुरू ही नहीं किया या फिर अधूरे छोड़ दिए। इसके कई उदाहरण सामने आ चुके हैं। काम पूरा न होने पर वार्ड के लोगों की पार्षदों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी माह में विधायक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने एक बार फिर ठेकेदारों के साथ बैठक निर्माण कार्य पूरा करने की चेतावनी दी थी, फिर भी हालात में कोई सुधार नहीं हो सका है। फिलहाल इक्का-दुक्का ठेकेदार ही काम शुरू कर पाए हैं। करीब डेढ़ करोड़ के 25 कार्यों पर ठेकेदारों को चेतावनी बेअसर साबित हो रही है।

नपा अध्यक्ष भडक़ी

इधर नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बारस्कर भी पार्षदों की लगातार शिकायतों के बाद बेहद नाराज है। शुक्रवार को उन्होंने इस प्रतिनिधि से चर्चा में बताया कि वे भी ठेकेदारों को काम शुरू करने के लिए सीएमओ और खुद के माध्यम से कह चुकी है, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि अब शीघ्र ही ठेकेदारों को एक-एककर तलब करूंगी। इसके बाद यदि निर्माण कार्य शुरू नहीं करते हैं तो अपने हस्ताक्षर से ही सभी को ब्लैकलिस्टेड कर नए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। नपा अध्यक्ष ने बजट की समस्या से इंकार करते हुए कहा कि निर्माण कार्य के लिए नपा के पास पर्याप्त बजट है। ठेकेदार काम करने के लिए आनाकानी कर रहे हैं।

इनका कहना….

निर्माण कार्य शुरू न होने से पार्षदों की लगातार शिकायतें आ रही हैं। शीघ्र ही ठेकेदारों को तलब किया जाएगा। इसके बाद काम शुरू नहीं हुआ तो उन्हें ब्लैकलिस्टेड कर देंगे और नए सिरे से टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे।

पार्वती बाई बारस्कर, अध्यक्ष नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button