Betul Ki Khabar: कलेक्ट्रेट रोड से कोतवाली तक पोल शिफ्टिंग शुरू, व्हाइट टॉपिंग सडक़ निर्माण का रास्ता साफ
Betul Ki Khabar: Pole shifting begins from Collectorate Road to Kotwali, clearing the way for white-topping road construction.

Betul Ki Khabar: बैतूल। सांझवीर टाईम्स में प्रकाशित खबर का बड़ा असर सामने आया है। लंबे समय से अटकी कलेक्ट्रेट रोड से कोतवाली तक की व्हाइट टॉपिंग सडक़ निर्माण की प्रक्रिया अब आगे बढ़ गई है। नगर के इस व्यस्त मार्ग पर बिजली के खंभे सडक़ के बीचोंबीच लगे होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासन और बिजली विभाग हरकत में आ गए हैं। गुरुवार से सडक़ के दोनों ओर लगे खंभों की शिफ्टिंग का काम प्रारंभ कर दिया गया है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस मार्ग पर पोल हटने से अब सडक़ चौड़ी और व्यवस्थित बन सकेगी। बार-बार बाधित हो रहे यातायात और धूलमिट्टी की परेशानी से भी जल्द राहत मिलेगी। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, लगभग एक सप्ताह में सभी पोल शिफ्ट कर दिए जाएंगे, जिसके बाद निर्माण एजेंसी व्हाइट टॉपिंग का कार्य प्रारंभ करेगी। गौरतलब है कि यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है, जहां कलेक्ट्रेट, पुलिस थाना, बैंक और कई शासकीय कार्यालय स्थित हैं।
पोलों के बीच में लगे होने से न सिर्फ वाहन चालकों को परेशानी होती थी, बल्कि कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी थीं। सांझवीर टाइम्स की खबर के बाद अब प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए कार्य शुरू कर दिया है, जिससे आम नागरिकों में संतोष का माहौल है। नागरिकों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि इसी तरह जनसमस्याओं पर त्वरित कार्रवाई होती रही, तो शहर की कई पुरानी समस्याओं का समाधान जल्द संभव हो सकेगा।




