Betul Samachar: पेविंग ब्लॉकों की दरारों में नहीं डाली डस्ट, जल्द उखड़ने लगेंगे ब्लॉक
Betul News: If dust is not filled in the cracks of paving blocks, the blocks will soon start crumbling.

कुछ ही दिनों में दिखेगी व्हाइट टॉपिंग सड़क की दुर्दशा
Betul Samachar: बैतूल। सवा तीन करोड़ रुपए की लागत से बनाई जा रही व्हाइट टॉपिंग सड़क के दोनों ओर लगाए पेविंग ब्लॉकों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार की गंभीर लापरवाही सामने आई है। पेविंग ब्लॉकों के बीच बनी दरारों में डस्ट नहीं डाली गई है, जिसके कारण इन दरारों में पानी भरने लगा है। बारिश के दौरान यह पानी ब्लॉकों की पेकिंग को कमजोर कर रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इन दरारों में डस्ट नहीं भरी गई, तो कुछ ही दिनों में पेविंग ब्लॉक उखड़ने लगेंगे और सड़क की हालत खराब हो जाएगी। इससे न केवल सैकड़ों मीटर लंबे क्षेत्र की सुंदरता बिगड़ेगी, बल्कि आम नागरिकों को चलने-फिरने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वहीं ब्लॉक उखड़ने से सड़क किनारे बने दुकानदारों और वाहन चालकों को भी दिक्कतें आएंगी।
सड़क की दुर्दशा से होगा लाखों का नुकसान
लोगों ने बताया कि पेविंग ब्लॉक लगाने का उद्देश्य सड़क को आकर्षक बनाना और किनारों को मजबूत रखना था, लेकिन लापरवाही ने इस उद्देश्य को विफल कर दिया है। नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही सुधारात्मक कार्य नहीं किए गए तो लाखों रुपए की लागत व्यर्थ चली जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी तय की जाए और तकनीकी मानकों के अनुसार दरारों में डस्ट भरने का कार्य तत्काल कराया जाए, ताकि सड़क लंबे समय तक सुरक्षित और टिकाऊ बनी रहे।
इनका कहना…..
पेविंग ब्लाकों के बीच डस्ट नहीं डाली गई है तो इसकी जानकारी ली जाएगी, डस्ट डलवाई जाएगी ताकी ब्लाक मजबूती से टिके रहें।
एमएस परमार, एसडीओ लोक निर्माण विभाग, जिला बैतूल




