Betul Samachar: 40 लाख का गबन मामला: और भी कर्मचारियों के नाम आ सकते हैं सामने
Betul News: Embezzlement case of Rs 40 lakh: Names of more employees may come to light

सीईओ ने तीन कर्मचारियों पर दर्ज कराई एफआईआर, पुलिस जांच में जुटी
Betul Samachar: बैतूल। जनजातीय छात्रावासों में बिजली बिलों के भुगतान में हुई भारी गड़बड़ी ने जिला प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। करीब 40 लाख रुपये के गबन का यह मामला सामने आने के बाद कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत बैतूल के एक सहायक ग्रेड-2, एक सहायक ग्रेड-3 और एक भृत्य को निलंबित कर दिया है। वहीं जनपद सीईओ शिवानी राय ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस जांच में अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी उजागर हो सकती है।
मामला तब सामने आया जब जनपद सीईओ ने भुगतान देयकों की जांच के दौरान विरोधाभासी बैंक खातों और एक ही माह में दो-दो बार बिल भुगतान के तथ्य पकड़े। सभी भुगतान जनजातीय कार्य विभाग के तहत मुलताई, प्रभातपट्टन और आमला छात्रावासों के बिजली बिलों के एवज में किए गए थे सीईओ द्वारा रिपोर्ट कलेक्टर को देने के बाद कोषालय अधिकारी सहित दो अधिकारियों ने वर्ष 2018 से 2025 के बीच किए गए भुगतान की जांच की, जिसमें 40 लाख 4 हजार 68 रुपयों का गबन उजागर हुआ है।
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सुर्यवंशी के निर्देश पर सीईओ जिला पंचायत अक्षत जैन ने पंचायत में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 वर्षा कमाविसदार, सहायक ग्रेड-3 नितेन्द्र पांडेय, और भृत्य क्षत्रपाल मर्सकोले को निलंबित किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बिजली कंपनी को भुगतान दिखाकर अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों में राशि स्थानांतरित कर दी थी। वर्तमान में तीनों कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच शुरू कर दी गई है।
इनका कहना…..
जनपद सीईओ की सूचना पर जांच कराई गई थी। एक भृत्य सहित तीन कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे।
अक्षत कुमार जैन, सीईओ जिला पंचायत बैतूल
तीन कर्मचारियों के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कर दी गई है। जांच में अन्य कर्मचारियों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
शिवानी राय, सीईओ जनपद पंचायत बैतूल
शिकायती आवेदन प्राप्त हो गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
नीरज पाल, थाना प्रभारी, कोतवाली बैतूल




