Betul News: बैतूल जनपद में 40 लाख के बिजली बिल घोटाले का खुलासा

कलेक्टर ने तीन कर्मचारियों को निलंबित, हड़कम्प
Betul News: बैतूल। जनपद पंचायत बैतूल में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में करीब 40 लाख 4 हजार रुपये के फर्जी भुगतान का खुलासा हुआ है। यह घोटाला जनजातीय कार्य विभाग के छात्रावासों के बिजली बिल भुगतान में किया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2018 से 2025 के बीच विकासखंड बैतूल, आमला, प्रभातपट्टन और मुलताई के छात्रावासों के बिजली बिलों के नाम पर मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के नाम से फर्जी वेंडर बनाकर भुगतान किया गया। जांच में पाया गया कि वास्तविक कंपनी के बजाय अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों में राशि हस्तांतरित कर दी गई।
इस तरह कुल ₹40,04,067 का गबन किया गया। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बैतूल ने कार्रवाई करते हुए तीन कर्मचारियों को दोषी पाया और उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबित कर्मचारियों में —
- वर्षा कमाविसदार, सहायक ग्रेड-2, जनपद पंचायत बैतूल
- नितेन्द्र कुमार पाण्डे, सहायक ग्रेड-3, जनपद पंचायत बैतूल
- छत्रपाल मर्सकोले, भृत्य, जनपद पंचायत बैतूल शामिल हैं।
इन सभी कर्मचारियों को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान इनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, शाहपुर निर्धारित किया गया है तथा इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, यह मामला सामने आने के बाद जनपद स्तर पर हड़कंप मच गया है।




