Betul Samachar: भारी व्यस्तता के बावजूद मित्र मंडली को प्रदेश अध्यक्ष ने दिया समय
Betul News: Despite being very busy, the state president gave time to his friends.

पुराने दिनों की यादें ताजा, हंस कर लोटपोट हुए पुराने दोस्त
Betul Samachar: बैतूल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल ने अपनी भारी व्यस्तता के बावजूद गुरुवार को अपनी पुरानी मित्र मंडली से मिलने के लिए समय निकाला। उनके निवास पर तीन दिवसीय दीपावली मिलन समारोह के चलते बड़ी संख्या में प्रियजन मिलने पहुंच रहे हैं। लंबे अरसे बाद हुए इस मिलन में साथियों के बीच पुराने दिनों की यादें ताजा हो उठीं।
राजनीतिक जिम्मेदारियों के चलते वर्षों से व्यस्त दिनचर्या में उलझे रहने वाले खंडेलवाल ने जब अपने पुराने मित्रों के बीच बैठकर हंसी-ठिठोली की, तो माहौल एक बार फिर पुराने कॉलेज के दिनों की तरह जीवंत हो उठा। मित्रों ने उनके साथ बिताए दिन, सामाजिक कार्यक्रमों और राजनीति में शुरुआती संघर्ष के दौर की कई रोचक बातें साझा कीं। इन यादों के बीच कभी ठहाके गूंजे तो कभी भावनात्मक पल भी आए। खंडेलवाल ने कहा कि जीवन में चाहे कितनी भी ऊंचाइयों क्यों न हासिल की जाएं, पुराने दोस्तों से जुड़ी यादें हमेशा ताजगी देती हैं और मन को सुकून पहुंचाती हैं।
सहज और आत्मीय स्वभाव के आज भी कायल हैं दोस्त
खंडेलवाल के अभिन्न मित्र मनोज जोशी, मोहन अग्रवाल, नवनीत श्रीवास, अतुल पगारिया, धनराज उपासे, अजय पटने, रमेश पवार सहित पुरानी मित्र मंडली पहुंची थी। मनोज जोशी ने बताया कि करीब डेढ़ घण्टे की मुलाकात में छात्र जीवन के प्रत्येक अविस्मरणीय पलों को सांझा किया गया। कई ऐसे किस्से भी निकले, जिन्हें सुनकर ना प्रदेश अध्यक्ष अपनी हंसी रोक पाए और ना उपस्थित जन समुदाय।
उन्होंने बताया कि एक लंबा राजनीतिक सफर तय करने के बावजूद प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भी हेमन्त खंडेलवाल का सहज और आत्मीय स्वभाव वैसा ही है, जैसा पहले था। सभी मित्रों ने इस आपसी संवाद को आगे भी इसी तरह बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान चाय-नाश्ते के बीच घंटों चली बातचीत में हंसी और खुशियों का सिलसिला थमता नजर नहीं आया। यह छोटी सी मुलाकात सभी मित्रों के लिए पुराने रिश्तों को ताजगी देने वाला अविस्मरणीय पल साबित हुई।




