Betul Samachar: खुले में रखी कचरा गाड़ियां, बारिश के चलते कबाड़ में तब्दील

Betul News: Garbage vehicles kept in the open, turned into junk due to rain

कुछ महीने पूर्व ही मंगाई गई थी 100 गाड़िया

Betul Samachar: बैतूल। भले ही राजस्व के अभाव में नपा की आर्थिक स्थिति खस्ताहाल होने की कगार पर पहुंच गई हो, लेकिन पैसों की बर्बादी की चाल अब भी बरकरार है। नगर पालिका द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से कुछ माह पूर्व 100 नई कचरा गाड़ियां मंगाई गई थीं। कुछ गाड़ियां तो सफाईकर्मियों को सौंप दी गई, लेकिन कुछ गाड़ियों का उपयोग शुरू होने से पहले ही नपा की लापरवाही ने इन्हें कबाड़ बना दिया है। जानकारी के अनुसार यह सभी गाड़ियां एसपी कार्यालय के सामने स्तिथ नपा के सभागार परिसर में खुले मैदान में बिना किसी शेड के रखी गई हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण कई गाड़ियों में पानी भर गया और लोहे के कुछ हिस्सों में जंग लग चुकी है। ऐसे में यह कचरा गाड़ियां कितने दिनों तक उपयोग में लाई जा सकेगी इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

व्यवस्था के लिए लाखों खर्च, संरक्षण में लापरवाही

नगर पालिका ने शहर के 33 वार्डों में नालियों की सफाई के लिए इन गाड़ियों की खरीदी पर लाखों रुपए खर्च किए थे, ताकि शहर में स्वच्छता की व्यवस्था और बेहतर बनाई जा सके। जिन वार्डों में जरूरत थी उन वार्डों में सफाई कर्मियों को गाड़ियां सौंप दी गई, लेकिन जो गाड़ियां स्टॉक में रखी हुई हैं, रखरखाव के अभाव में अब ये गाड़ियां बेकार होती जा रही हैं। परिसर में जहां कबाड़ की सामग्री रखी हुई है। उसी जगह गाड़ियां छोड़ दी गई। बारिश के चलते अधिकांश गाड़ियों में लोहे की हिस्सों में जंग लग चुकी है। शहरवासियों का कहना है कि जब सफाई व्यवस्था सुधारने के नाम पर इतनी बड़ी राशि खर्च की गई है तो इन वाहनों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए थी, क्योंकि यह गाड़ियां जनता द्वारा टैक्स के रूप में दी गई रकम से ही खरीदी गई हैं।

शेड में रखते गाड़ियां तो तय होता संरक्षण

सूत्रों के मुताबिक, इन गाड़ियों को रखने के लिए कोई स्थायी गोदाम या शेड नहीं बनाया गया, इस तरफ ना ही किसी अधिकारी की नजर पड़ी और न कर्मचारियो ने अपनी जिम्मेदारी समझी। जबकि नियमों के अनुसार नगर पालिका को वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी होती है। अब इन गाड़ियों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कई को मरम्मत की जरूरत पड़ सकती है। शहर के नागरिकों ने मांग की है कि नपा प्रशासन जल्द से जल्द इन गाड़ियों की मरम्मत करवाए और सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था करे, ताकि करोड़ों की सार्वजनिक संपत्ति व्यर्थ न जाए और जनता के द्वारा दिए जाने वाले टैक्स की रकम का भी सदुपयोग हो सके।

इनका कहना….

जगह नहीं होने की वजह से गाड़ियों को परिसर में रखा गया था। कचरा गाड़ियों को शेड में रखे जाने की व्यवस्था बनाई जाएगी।

संतोष धनेलिया, स्वच्छता निरीक्षक, नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button